शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल भी जरूरीः कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल

सीएमबीटी में रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

शैक्षणिक ज्ञान के साथ व्यावसायिक कौशल भी जरूरीः कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी दौर में केवल शैक्षणिक ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, प्रभावी संचार, प्रस्तुतीकरण और इंटरव्यू जैसे व्यावसायिक कौशल का विकास भी जरूरी है। ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम विद्यार्थियों को कक्षा-कक्ष की शिक्षा से आगे बढ़कर पेशेवर जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। 

वे सोमवार को सेंटर फॉर मेडिकल बायोटेक्नोलॉजी (सीएमबीटी) में एक सप्ताह के रोजगारपरक कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विद्यार्थियों से प्रशिक्षण कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने और उपलब्ध अवसरों का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।

सीसीपीसी निदेशिका प्रो. दिव्या मल्हान ने कहा कि इस तरह के प्रशिक्षण कार्यक्रम उनके समग्र व्यावसायिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को लाइफ स्किल्स, सॉफ्ट स्किल्स, कम्युनिकेशन स्किल्स, प्रेजेंटेशन स्किल्स और इंटरव्यू स्किल्स का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

सीएमबीटी निदेशक डॉ. हरि मोहन ने कहा कि करियर निर्माण के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ आत्मविश्वास, प्रभावी संचार और प्रोफेशनल स्किल्स का विकास भी आवश्यक है। सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स की निदेशिका डॉ. महक डांगी ने भी विद्यार्थियों को प्रशिक्षण का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

पहले दिन नंदी फाउंडेशन के मास्टर ट्रेनर रविंदर सिंह ने विद्यार्थियों के साथ संवाद किया और रोजगारपरक कौशल तथा पेशेवर तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। इस दौरान प्रो. विजय कुमार, प्रो. अमिता सुनेजा, डॉ. रश्मि भारद्वाज, डॉ. अनिल कुमार, प्रो. अजीत कुमार सहित अन्य शिक्षक, विद्यार्थी एवं शोधार्थी मौजूद रहे।

सीएमबीटी की ओर से सीसीपीसी के तत्वावधान में महिंद्रा प्राइड क्लासरूम के सहयोग से आयोजित यह प्रशिक्षण 12 सितंबर तक चलेगा। इसमें सीएमबीटी के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों के साथ सेंटर फॉर बायोइनफॉर्मेटिक्स और बायोकेमिस्ट्री विभाग के अंतिम वर्ष के विद्यार्थी भी भाग ले रहे हैं।