प्रो. सुनील कुमार को 'राजीव अवस्थी साहित्य विभूषण सम्मान' से सम्मानित
गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं भाषा संकाय के डीन, प्रो. सुनील कुमार को उनकी उल्लेखनीय साहित्यिक सेवाओं के लिए बीपीए फाउंडेशन एवं इंडिया नेट बुक्स द्वारा आयोजित साहित्यकार सम्मानोत्सव-2025 के अंतर्गत 'राजीव अवस्थी साहित्य विभूषण सम्मान' से सम्मानित किया गया है।

अमृतसर: गुरु नानक देव विश्वविद्यालय, अमृतसर के हिंदी विभाग के अध्यक्ष एवं भाषा संकाय के डीन, प्रो. सुनील कुमार को उनकी उल्लेखनीय साहित्यिक सेवाओं के लिए बीपीए फाउंडेशन एवं इंडिया नेट बुक्स द्वारा आयोजित साहित्यकार सम्मानोत्सव-2025 के अंतर्गत 'राजीव अवस्थी साहित्य विभूषण सम्मान' से सम्मानित किया गया है।
गौरतलब है कि प्रो. सुनील कुमार हिंदी साहित्य के अद्भुत विद्वान हैं और पंजाब प्रांत में हिंदी के प्रचार-प्रसार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। वे अखिल भारतीय साहित्य परिषद, पंजाब प्रांत के अध्यक्ष भी हैं। उनके निर्देशन में अब तक 7 शोधार्थियों ने पीएच.डी. तथा 48 शोधार्थियों ने एम.फिल. की उपाधि प्राप्त की है।
प्रो. सुनील की आकाशवाणी और दूरदर्शन पर भी सक्रिय भागीदारी रही है। वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर 100 से अधिक व्याख्यान दे चुके हैं तथा अनेक साहित्यिक कार्यक्रमों का सफलतापूर्वक आयोजन कर चुके हैं। इनके 120 से अधिक शोध-पत्र विभिन्न राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशित हो चुके हैं और अब तक उनकी 5 पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं।
स्वतंत्र लेखक और समीक्षक के रूप में भी उनकी विशिष्ट पहचान है। वे विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के उत्थान तथा उसे नई ऊंचाइयां प्रदान करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। प्रो. सुनील अनेक राष्ट्रीय महत्व की संस्थाओं से जुड़े हुए हैं और उनकी सामाजिक व साहित्यिक उपलब्धियों के लिए उन्हें कई मान-सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
हाल ही में, केंद्रीय हिंदी निदेशालय, शिक्षा मंत्रालय (उच्चतर शिक्षा विभाग), भारत सरकार, नई दिल्ली और गुरु नानक देव विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उन्होंने दो दिवसीय राष्ट्रीय संगोष्ठी 'भारतीय ज्ञान प्रणाली: एक बहुआयामी विरासत' का सफल आयोजन किया, जिसकी समूचे हिंदी जगत में व्यापक चर्चा हो रही है।
एक कर्मठ और प्रतिबद्ध शिक्षक के रूप में प्रो. सुनील कुमार अपने छात्रों के बीच अत्यंत लोकप्रिय हैं।