प्रो. रामपाल सैनी ने सीआरएसयू, जींद के कुलपति पद का कार्यभार संभाला

शैक्षणिक गुणवत्ता, शोध एवं नवाचार, कौशल विकास को बढ़ावा व रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस।

प्रो. रामपाल सैनी ने सीआरएसयू, जींद के कुलपति पद का कार्यभार संभाला

जींद, गिरीश सैनी। चौ. रणबीर सिंह विवि, जींद के कुलपति का पदभार शुक्रवार को प्रख्यात शिक्षाविद्, कुशल प्रशासक एवं उच्च शिक्षा के क्षेत्र में तीन दशकों से अधिक का अनुभव रखने वाले प्रो. रामपाल सैनी ने विधिवत रूप से ग्रहण किया। विवि परिसर में आगमन पर सीआरएसयू परिवार ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यभार ग्रहण करने के उपरांत अपने संबोधन में कुलपति प्रो. रामपाल सैनी ने महामहिम राज्यपाल एवं कुलाधिपति प्रो. असीम कुमार घोष, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, हरियाणा सरकार तथा विवि परिवार के प्रति हार्दिक आभार एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि उन पर जताया गया विश्वास उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है।

उल्लेखनीय है कि प्रो. रामपाल सैनी पिछले लगभग एक वर्ष से विवि के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार सफलतापूर्वक संभाल रहे थे। उनके स्थायी रूप से कुलपति पद का दायित्व ग्रहण करने से विवि परिवार में स्थिरता, निरंतरता एवं नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

कुलपति के कार्यालय पहुंचने पर विभिन्न संकायों के अधिष्ठाताओं, विभागाध्यक्षों, शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान प्रो. रामपाल सैनी के परिवारजन, रिश्तेदार, मित्रगण, शुभचिंतक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य जन भी मौजूद रहे।

मूल रूप से कुरुक्षेत्र जिले के थानेसर स्थित गांव प्रतापगढ़ के निवासी प्रो. रामपाल सैनी का जीवन संघर्ष, परिश्रम और समर्पण की प्रेरक मिसाल है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने शिक्षा जगत में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। उन्होंने कुरुक्षेत्र विवि से राजनीति विज्ञान में एम.ए. एवं एम.फिल. की उपाधि प्राप्त की तथा महर्षि दयानंद सरस्वती विवि, अजमेर से पीएच.डी. की डिग्री हासिल की। राजनीति विज्ञान विषय में डी.लिट. की उपाधि प्राप्त प्रो. रामपाल सैनी के पास 30 वर्षों से अधिक का शिक्षण एवं प्रशासनिक अनुभव है। अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने उच्च शिक्षा संस्थानों में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य करते हुए शिक्षण, शोध, प्रशासन, नीति निर्माण एवं संस्थागत विकास के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

प्रो. रामपाल सैनी के नेतृत्व में सीआरएसयू ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शैक्षणिक एवं शोध सहयोग को नई दिशा प्रदान की है। उनके मार्गदर्शन में देश एवं विदेश के प्रतिष्ठित शिक्षण तथा अनुसंधान संस्थानों के साथ अनेक समझौता ज्ञापनों (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए हैं। विशेष रूप से जापान, पुर्तगाल तथा अन्य अंतरराष्ट्रीय संस्थानों के साथ स्थापित शैक्षणिक एवं शोध साझेदारियों ने विवि को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

कुलपति ने कहा कि चौ. रणबीर सिंह विवि देश व प्रदेश के प्रतिष्ठित उच्च शिक्षण संस्थानों में अपनी विशिष्ट पहचान रखता है। विवि के शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सहयोग से हम सभी मिलकर इसे शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुसंधान, नवाचार और संस्थागत विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का कार्य करेंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में विश्वविद्यालयों की भूमिका केवल ज्ञान प्रदान करने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को वैश्विक चुनौतियों के अनुरूप सक्षम, जिम्मेदार, संवेदनशील और नवाचारी नागरिक बनाना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विवि में शैक्षणिक गुणवत्ता को और अधिक मजबूत बनाने, शोध एवं नवाचार को प्रोत्साहित करने, कौशल विकास को बढ़ावा देने, उद्योग-अकादमिक सहभागिता को सुदृढ़ करने तथा रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर विशेष फोकस रखा जाएगा।

कुलपति प्रो. सैनी ने विवि परिवार से संवाद, सहयोग और सहभागिता की भावना के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की वास्तविक शक्ति उसके शिक्षक, विद्यार्थी, अधिकारी और कर्मचारी होते हैं और जब सभी एक साझा लक्ष्य के साथ कार्य करते हैं, तब सफलता निश्चित होती है।