चार दशक की सेवा के बाद प्रो. ए.एस. मान सेवानिवृत्त, शोध-प्रशासन में छोड़ी छाप
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के वरिष्ठ प्रोफेसर एवं डीन एकेडमिक अफेयर्स प्रो. ए.एस. मान करीब चार दशक की शैक्षणिक, शोध एवं प्रशासनिक सेवा के बाद सेवानिवृत्त हो गए।
एमडीयू के पूर्व छात्र रहे प्रो. मान ने 1990 में अमोर्फोस सेमीकंडक्टर्स विषय में पीएचडी की। उन्होंने 1987 में एमडीयू में लेक्चरर के रूप में शिक्षण करियर शुरू किया और वरिष्ठ प्रोफेसर तक पहुंचे। एक्सपेरिमेंटल कंडेंस्ड मैटर फिजिक्स एवं मैटेरियल्स साइंस के क्षेत्र में उनके शोध कार्य को विशेष पहचान मिली। उनके 100 से अधिक शोध-पत्र प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए।
उन्होंने डीएसटी और एनएससी वित्तपोषित शोध परियोजनाओं पर काम किया तथा डीएसटी-फिस्ट और यूजीसी-एसएपी कार्यक्रमों के समन्वयक की जिम्मेदारी भी संभाली। प्रो. मान भौतिकी विभागाध्यक्ष, भौतिक विज्ञान संकाय के डीन, डीन सीडीसी और निदेशक शोध जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। शिक्षक, शोधकर्ता और प्रशासक के रूप में उनके योगदान को सराहते हुए विवि परिवार ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं संतोषपूर्ण भावी जीवन की कामना की।

Girish Saini 

