सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के मापदंडों को पूरा कराएं निजी स्कूल संचालकः एडीसी नरेंद्र कुमार
ग्रीष्मावकाश उपरांत पॉलिसी मापदंडों पूरे न करने वाले वाहनों के खिलाफ होगी नियमानुसार कार्यवाही।
रोहतक, गिरीश सैनी। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने निजी विद्यालय संचालकों का आह्वान किया कि वे ग्रीष्मावकाश के दौरान स्कूल बसों में यातायात के सभी नियमों की अनुपालना के लिए आवश्यक कदम उठाये। जिला प्रशासन द्वारा ग्रीष्म अवकाश के उपरांत सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के मापदंडों का उल्लंघन करने वाले स्कूल वाहनों पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि है। स्कूल वाहन चालकों के लिए भी ड्रेस कोड इत्यादि सख्ती से लागू किया जाये।
एडीसी नरेंद्र कुमार ने सडक़ सुरक्षा एवं सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए कहा कि सभी निजी स्कूल संचालक स्कूल बसों की कमियों को ग्रीष्म अवकाश के दौरान दुरुस्त करवाये तथा यह सुनिश्चित करें कि यह सभी स्कूल वाहन सुरक्षित स्कूल वाहन पॉलिसी के मापदंडों के अनुसार हों। उन्होंने कहा कि ये भी सुनिश्चित किया जाये कि इन वाहनों के चालक भी यातायात नियमों / मापदंडों का पूरी तरह से पालन करें। बैठक में एएसपी आयुष यादव, सांपला की एसडीएम अंकिता पुवार, सहायक आयुक्त प्रशिक्षण विशाल सिंह, आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल, पुलिस उपाधीक्षक दलीप सिंह सहित संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी मौजूद रहे तथा राष्ट्रीय राजमार्गों के प्रोजेक्ट निदेशक वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक से जुड़े।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन के लिए बच्चों की सुरक्षा भी सर्वोपरि है। यदि ग्रीष्म अवकाश के उपरांत कोई भी स्कूल वाहन इस पॉलिसी के मापदंडों का उल्लंघन करते पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्यवाही की जाएगी। थ्री व्हीलर में बच्चों को विद्यालय तक ले-जाना लाना नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक पुलिस संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्यवाही करें। उन्होंने पुलिस के अधिकारियों से कहा कि वे यह सुनिश्चित करें कि लघु सचिवालय परिसर व अन्य सरकारी कार्यालयों के परिसर में हेलमेट का प्रयोग करके ही दो पहिया वाहन चालक प्रवेश करें।
उन्होंने सडक़ सुरक्षा की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे सडक़ सुरक्षा के सभी प्रबंध करवाना सुनिश्चित करें ताकि नागरिक सुरक्षित सफर कर सके। उन्होंने कहा कि अधिकारी वर्षा ऋतु से पूर्व सडक़ों की मरम्मत, ऑवरले व निर्माण के कार्यों को पूर्ण करवाये। उन्होंने बैठक के एजेंडे के अनुसार सभी बिंदुओं की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये।
सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने एजेंडे में शामिल विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए यूएचबीवीएन के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे रोहतक-हिसार रोड आउटर बाईपास महम पर चिन्हित तीनों स्थानों पर लगाई गई लाइट के शीघ्र कनेक्शन जारी करवाये। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों से कहा कि वे निरंतर आवश्यकता अनुसार सडक़ों के किनारे पेड़ों की कटाई-छटाई करवाये ताकि आवागमन में असुविधा न हो। उन्होंने जसिया से खिड़वाली सडक़ पर 10 जून तक ऑवरले के कार्य को पूर्ण करवाने तथा समय पर कार्यवाही रिपोर्ट अपलोड करवाने के निर्देश दिए।
एएसपी आयुष यादव ने कहा कि नगर निगम द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग के नजदीक व शहर में पुलिस को जगह उपलब्ध करवाई जाये ताकि बिना नंबर प्लेट चल रही गाडिय़ों को इंपाउड कर इन जगहों पर खड़ा किया जा सकें। उन्होंने कहा कि निजी स्कूलों की सूची यातायात पुलिस को सौंपी जाये। पुलिस द्वारा शहर में सुबह व शाम के समय विशेष निगरानी बढ़ाई जाएगी तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाया जायेगा। उन्होंने कहा कि खरावड़ से हिसार बाईपास पर राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगरानी बढ़ाई जाए ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लग सके। बैठक में संबंधित विभागों के उच्चाधिकारी, निजी विद्यालय एसोसिएशन के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

