भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहे हैं प्रधानमंत्री मोदीः फणीन्द्रनाथ शर्मा
संगठन मंत्री ने सदस्यता अभियान के तहत महम व कलानौर विधानसभा का दौरा किया।
रोहतक, गिरीश सैनी। भाजपा के संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज के सभी लोगों को साथ लेकर चलने वाली लोकतांत्रिक पार्टी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में समानता के साथ सबको आगे बढ़ने का समान अवसर मिलता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के कुशल संगठनात्मक कौशल से भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बन गई है।
सदस्यता अभियान को लेकर सोमवार को संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा ने रोहतक जिला की महम और कलानौर विधानसभा के गांवों का दौरा करने के बाद कहा कि हरियाणा में संगठन पर्व सदस्यता अभियान चल रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता पूरी निष्ठा व समर्पण भाव से लोगों को पार्टी की नीतियों से प्रेरित कर भाजपा परिवार में शामिल कर रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने बूथों को और अधिक मजबूत करें ताकि आने वाले चुनाव में भाजपा का कमल हर बूथ पर खिले।
भाजपा संगठन मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत को एक सुदृढ़, समृद्ध एवं शक्तिशाली राष्ट्र के रूप में विश्व पटल पर स्थापित करने के लिए कृतसंकल्प है। भारत को एक समर्थ राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ पीएम मोदी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में भाजपा सरकार ने देश के इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृ़ढ़ किया है, देश और प्रदेश में सड़कों का जाल बिछा है। भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है और जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा।
संगठन मंत्री शर्मा ने कहा कि भाजपा की नीतियां जनता को पसंद आ रही है। जनता को विश्वास हो गया है कि भाजपा सरकार ही हरियाणा को विकसित राज्य बना सकती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा की नायब सरकार हर वर्ग का बिना भेदभाव के विकास कर रही है। युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं।
Girish Saini 


