रोहतक में 7,667 पुराने वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी, टीमें गठित

पेट्रोल के 15 और डीजल के 10 साल पुराने वाहन होंगे निशाने पर, सड़क या घर पर मिलने पर सीधे जाएंगे स्क्रैप सेंटर

रोहतक में 7,667 पुराने वाहनों पर कार्रवाई की तैयारी, टीमें गठित

रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक में आयु सीमा पूरी कर चुके 7,667 पेट्रोल-डीजल वाहनों पर कार्रवाई के लिए पुलिस और परिवहन प्राधिकरण की विशेष टीमें गठित की गई हैं। जिला परिवहन अधिकारी वीरेंद्र सिंह ढुल ने स्पष्ट किया कि निर्धारित आयु पूरी कर चुके वाहन सड़क या घर पर मिलने पर सीधे स्क्रैप सुविधा केंद्र भेजे जाएंगे।

जिला परिवहन अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक राजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में कार्रवाई की रणनीति बनाई गई। उन्होंने बताया कि चिन्हित वाहनों में 1,256 पेट्रोल और 6,411 डीजल वाहन शामिल हैं। सर्वोच्च न्यायालय और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों के अनुसार पेट्रोल वाहनों की निर्धारित आयु 15 वर्ष और डीजल वाहनों की 10 वर्ष है।

वाणिज्यिक वाहन मालिकों को एक माह पहले नोटिस देकर वाहनों को एनसीआर से बाहर ले जाने या स्क्रैप कराने का समय दिया गया था, जिसकी अवधि समाप्त हो चुकी है। अब नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। स्क्रैप से प्राप्त राशि जिला खजाना कार्यालय में जमा कराई जाएगी।