21 जून को होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां जारीः डीसी सचिन गुप्ता
18 से 20 मई तक जिला व खंड स्तर पर प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि आगामी 21 जून 2026 को आयोजित होने वाले 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के लिए जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक तैयारियां जारी है। इसी कड़ी में आयुष विभाग के योग विशेषज्ञों, आयुष योग सहायकों, आयुष योग प्रशिक्षकों एवं योग समितियों द्वारा 18 से 20 मई तक शिक्षा विभाग के शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता, डीपीई एवं पीटीआई को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि इस दौरान जिला एवं खंड स्तर पर सुबह 6.00 से 7.30 बजे तक प्रशिक्षण शिविर आयोजित किये जा रहे है, जो स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर स्थित हॉकी ग्राउंड, कलानौर स्थित आईटीआई ग्राउंड, सांपला स्थित सर छोटूराम महिला महाविद्यालय, लाखनमाजरा स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय तथा महम स्थित हुडा पार्क में आयोजित किए जा रहे है। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. सतपाल ने बताया कि इन शिविरों में योग प्रशिक्षकों द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के प्रोटोकॉल के अनुसार सूक्ष्म व्यायाम, योगासन एवं प्राणायामों का अभ्यास करवाया जा रहा है।

Girish Saini 

