जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी

जिला प्रशासन द्वारा स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां युद्ध स्तर पर जारी

रोहतक, गिरीश सैनी। 15 अगस्त को आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां जिला प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार के निर्देशानुसार राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और सामूहिक योगाभ्यास की तैयारियां जारी हैं। परेड में शामिल टुकड़ियां लगातार अभ्यास कर रही हैं, वहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में भाग लेने वाले विद्यार्थी भी रिहर्सल में जुटे हैं।

रोहतक सहकारी चीनी मिल की प्रबंध निदेशक श्वेता सुहाग की अध्यक्षता में गठित चयन समिति ने स्थानीय राजीव गांधी खेल परिसर में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। इस दौरान डीईओ मनजीत मलिक सहित संबंधित अधिकारी, टीम प्रभारी और विद्यार्थी मौजूद रहे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में लाढ़ौत स्थित गुरुकुल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के मलखंभ व योग, मॉडल स्कूल मुख्य शाखा का ऑर्केस्ट्रा, लाखनमाजरा खंड राजकीय विद्यालय का हरियाणवी नृत्य सहित विभिन्न निजी एवं सरकारी विद्यालयों की टीमों ने प्रस्तुति दी। चयन समिति ने प्रस्तुतियों के अवलोकन के बाद समारोह के लिए आरपीएस इंटरनेशनल स्कूल, सांगवान इंटरनेशनल स्कूल, जॉन वेस्ले स्कूल, पठानिया पब्लिक स्कूल, संस्कार वैली स्कूल, मॉडल स्कूल, लाखनमाजरा खंड राजकीय विद्यालय और लाढ़ौत गुरुकुल की टीमों का चयन किया।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड कमांडर डीएसपी तनुज शर्मा के नेतृत्व में आठ टुकड़ियां परेड में शामिल होंगी। इनमें हरियाणा पुलिस महिला एवं पुरुष, होमगार्ड, एनसीसी गर्ल्स एवं बॉयज, गर्ल्स गाइड, बॉयज स्काउट तथा प्रजातंत्र के प्रहरी की टुकड़ियां शामिल हैं। स्टेडियम परिसर में इन टुकड़ियों का नियमित अभ्यास जारी है। महिला पुलिस टुकड़ी का नेतृत्व पीएसआई संतोष, पुरुष पुलिस टुकड़ी का पीएसआई गौरव छोक्कर, होमगार्ड का एसआई अशोक कुमार, एनसीसी गर्ल्स का अंडर ऑफिसर निक्की, एनसीसी बॉयज का सीनियर अंडर ऑफिसर केशव, गर्ल्स गाइड का यशवी, बॉयज स्काउट का रजित तथा प्रजातंत्र के प्रहरी का सात्विक नेतृत्व कर रहे हैं। समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण बनाने के लिए सभी टीमें लगातार अभ्यास में जुटी हैं।