एमडीयू में प्री-आरडी ट्रायल कैंप: 27 कॉलेजों के 70 स्वयंसेवकों ने दिखाया दमखम
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू में विवि स्तरीय एनएसएस प्री-रिपब्लिक डे (प्री-आरडी) ट्रायल कैंप-2026 संपन्न हुआ। इसमें 27 कॉलेजों के 70 एनएसएस स्वयंसेवकों और 17 कार्यक्रम अधिकारियों ने भाग लिया। स्वयंसेवकों के परेड, शारीरिक दक्षता, कमांड टेस्ट और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आधार पर आगामी राज्य स्तरीय प्री-आरडी कैंप के लिए चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक प्रो. सविता राठी ने बताया कि खेल परिसर में आयोजित परेड ट्रायल के दौरान स्वयंसेवकों की रनिंग, ड्रिल और शारीरिक माप-तौल सहित विभिन्न दक्षता परीक्षाएं ली गईं। परेड सत्र का संचालन हवलदार राकेश, नायब सूबेदार युद्धवीर और एसीपी सूबेदार राजेश ने किया।
खेल निदेशक कुलताज सिंह ने स्वयंसेवकों को एनएसएस के उद्देश्यों और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका से अवगत कराया। असिस्टेंट डायरेक्टर स्पोर्ट्स डॉ. विपिन कुमार ने भी स्वयंसेवकों का उत्साहवर्धन किया।
सायं कालीन सत्र में निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी ने नशा मुक्ति को लेकर जागरूक किया और स्वयंसेवकों को नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त अभियान से जुड़ने की शपथ दिलाई। उन्होंने सामाजिक सरोकारों से जुड़कर संवेदनशील समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कम्युनिकेशन फॉर केयरिंग एंड शेयरिंग की बात भी कही।
अंतिम चरण में स्वयंसेवकों ने गीत, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जागरूकता और समाजसेवा का संदेश दिया। प्रस्तुतियों का मूल्यांकन डॉ. सौरभ वर्मा और नृत्य विशेषज्ञ शोएब ने किया। इस दौरान डिप्टी एनएसएस कार्यक्रम समन्वयक डॉ. अंजू पंवार, पीआरओ पंकज जैन सहित विभिन्न कॉलेजों के कार्यक्रम अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

