पीआर गुरु सुनित मुखर्जी ने बादशाह के विवादास्पद गीत टटीरी पर सवाल उठाते हुए गाना वापस लेने की मांग की

पीआर गुरु सुनित मुखर्जी ने बादशाह के विवादास्पद गीत टटीरी पर सवाल उठाते हुए गाना वापस लेने की मांग की

रोहतक, गिरीश सैनी। चर्चित रैपर बादशाह के हालिया रिलीज गीत टटीरी को लेकर हरियाणा में खासा विवाद खड़ा हो गया है। प्रख्यात मीडिया व कम्युनिकेशन स्किल्स विशेषज्ञ और एमडीयू के पूर्व जनसंपर्क निदेशक, सुनित मुखर्जी ने इस गीत के कुछ बोल और दृश्यों को आपत्तिजनक बताते हुए इसे तत्काल वापस लेने की मांग की है।

सुनित मुखर्जी ने कहा कि भले ही गीत की धुन आकर्षक हो, लेकिन इसके कुछ दृश्य और शब्द समाज के लिए गलत संदेश देते हैं। उन्होंने विशेष रूप से उस दृश्य पर आपत्ति जताई जिसमें स्कूली लड़कियां अपने स्कूल बैग फेंकती नजर आती हैं। मुखर्जी का कहना है कि हरियाणा में बेटियों की शिक्षा को महिला सशक्तिकरण का सबसे बड़ा माध्यम माना जाता है, ऐसे में इस तरह का दृश्य प्रतिगामी सोच को बढ़ावा देता है।

उन्होंने ये भी कहा कि गीत में स्कूल परिसर और हरियाणा रोडवेज बस की छत पर लड़कियों के डांस के दृश्य दिखाना भी अनुचित है। साथ ही गीत के कुछ दोहरे अर्थ वाले बोल और नशीले पदार्थों के संदर्भ समाज के लिए ठीक संदेश नहीं देते।

सुनित मुखर्जी ने गायक बादशाह से अपील करते हुए कहा कि वे गीत के आपत्तिजनक हिस्सों को हटाकर इसे दोबारा शूट करें और समाज की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि लोकप्रिय कलाकार होने के नाते कलाकारों की समाज के प्रति बड़ी जिम्मेदारी होती है, इसलिए उन्हें संवेदनशील और जिम्मेदार रुख अपनाना चाहिए।