कांग्रेस पार्टी की नीति, नीयत व नेता ठीक नहीं :- सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी
सांपला मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन उदयभान मलिक व वाइस चेयरमैन को पदभार ग्रहण कराया।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी की नीति, नीयत और नेता ठीक नहीं है। गत विधानसभा चुनाव से पूर्व वरिष्ठ नेताओं कांग्रेस पार्टी छोड़ने के बावजूद भी राहुल गांधी ने कोई संज्ञान नहीं लिया। भाजपा छोटे से छोटे कार्यकर्ता का पूरा मान-सम्मान करती है तथा पार्टी में गंभीरता से चुनाव लड़ा। प्रदेश की जनता ने पार्टी को बहुमत देकर आशीर्वाद दिया।
मंत्री कृष्ण कुमार बेदी सांपला स्थित नई अनाज मंडी परिसर में मार्केट कमेटी के नवनियुक्त चेयरमैन उदयभान मलिक तथा वाइस चेयरमैन हरबंस मक्कड़ के पदभार ग्रहण समारोह में बतौर मुख्यातिथि उपस्थित गण को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम के उपरांत कृष्ण कुमार बेदी, पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर एवं कृष्ण मूर्ति हुड्डा, प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य पदाधिकारियों की उपस्थिति में मार्केट कमेटी के चेयरमैन ने पदभार ग्रहण किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि नवनियुक्त चेयरमैन किसानों की समस्याओं के समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं तथा पार्टी द्वारा सौपी गई जिम्मेदारी का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों, दलितों, गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रदेश में लगभग 36 लाख लाभपात्रों को प्रतिमाह 3200 रुपए सामाजिक पेंशन प्रदान की जा रही है। केवल हरियाणा में ही इतनी बड़ी संख्या में लाभपात्रों को इतनी बड़ी धनराशि पेंशन के रूप में दी जा रही है। भाजपा ने सभी वर्गों का पूरा प्रतिनिधित्व व मान-सम्मान दिया है। प्रदेश सरकार बिना पर्ची-बिना खर्ची युवाओं को मेरिट के आधार पर नौकरी दे रही है, जबकि पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने गौत्रवाद के आधार पर नौकरी दी।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश में नागरिकों को 24 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। किसानों को 24 फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है व भुगतान भी निर्धारित अवधि में सुनिश्चित किया जा रहा है। केंद्रीय विद्युत एवं शहरी आवास मंत्री मनोहर लाल द्वारा भावांतर भरपाई योजना शुरू कर सब्जी उत्पादकों के कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं के प्रयासों से बिहार में पार्टी को बहुत बड़ी जीत मिली है।
प्रदेश के पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कहा कि भाजपा विचारधारा की पार्टी है तथा पार्टी के लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा में सभी कार्यकर्ताओं को पूरा मान-सम्मान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोकसभा सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री ने जिला में बाढ़ पीड़ितों की किसी प्रकार सहायता नहीं की है।
इस दौरान किसान मोर्चा की प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा राजबाला चहल, हरियाणा महिला आयोग की पूर्व चेयरपर्सन प्रतिभा सुमन, पूर्व मेयर मनमोहन गोयल, सांपला के उपमंडलाधीश उत्सव आनंद, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी शमशेर खरक सहित पार्टी पदाधिकारी व मार्केट कमेटी की सचिव सविता सैनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Girish Saini 

