समाधान प्रस्तुत करने और सकारात्मक परिवर्तन का भागीदार बनने की दिशा में आगे बढ़ें मीडियाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

विकसित भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका और अधिक प्रभावी बनाने पर दिया जोर।

समाधान प्रस्तुत करने और सकारात्मक परिवर्तन का भागीदार बनने की दिशा में आगे बढ़ें मीडियाः डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान

भुवनेश्वर, गिरीश सैनी। उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर में कलिंग गौरव फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित नेशनल मीडिया कॉन्क्लेव और नारी शक्ति सम्मान समारोह के उद्घाटन सत्र में उड़ीसा के पंचायती राज एवं ग्राम विकास मंत्री रबीनारायण नायक ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।

इस दौरान हरियाणा ग्रामीण विकास संस्थान के निदेशक, प्रख्यात पत्रकारिता एवं जनसंचार विशेषज्ञ आचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह चौहान ने मीडिया के बदलते वैश्विक परिदृश्य और विकसित भारत के निर्माण में उसकी भूमिका के विविध आयामों पर अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।

डॉ. चौहान ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मीडिया की भूमिका, स्वाधीनता संग्राम के दौरान निभाई गई उसकी गौरवमयी भूमिका से भी अधिक व्यापक और प्रभावशाली होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि आत्मनिर्भर और विकसित भारत का निर्माण गांवों के विकास के बिना संभव नहीं है। इसलिए मीडिया को -चलो गांव की ओर का उद्घोष करते हुए ग्रामीण भारत के विकास से स्वयं को जोड़ना होगा।

डॉ. चौहान ने कहा कि मीडिया का दायित्व केवल सरकारों से प्रश्न पूछने तक सीमित नहीं होना चाहिए। निश्चित रूप से उसे सटीक और धारदार सवाल उठाने चाहिए, लेकिन इसके साथ-साथ मीडिया को समाधान प्रस्तुत करने और सकारात्मक परिवर्तन का भागीदार बनने की दिशा में भी आगे बढ़ना होगा।

उन्होंने बताया कि इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में उड़ीसा सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए मीडियाकर्मी तथा सामाजिक क्षेत्रों में कार्यरत विशिष्ट व्यक्ति शामिल हुए। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित भी किया गया। विभिन्न चर्चा सत्रों में अलग-अलग राजनीतिक दलों के विधायक, मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों तथा विशेषज्ञों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए समकालीन मुद्दों पर अपने विचार रखे। अंत में आयोजक संस्था की महासचिव डॉ. चिदात्मिका, पवित्र मोहन सामंतरे और डॉ. रजनीकांत मिश्रा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।