शहीद पुलिसकर्मियों की याद में पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को
रोहतक, गिरीश सैनी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अपने फर्ज को निभाते हुए वीरगति को प्राप्त हुए पुलिस जवानों की याद में 21 अक्टूबर को रोहतक पुलिस द्वारा सुबह आठ बजे पुलिस लाईन में श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया जाएगा। पुलिस स्मृति दिवस समारोह की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग करेंगे। इस अवसर पर जिला पुलिस के सभी अधिकारी, जिला के प्रशासनिक अधिकारी, सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति व आमजन उपस्थित रहेंगे।
भारत भर में पुलिस स्मृति दिवस 21 अक्टूबर को मनाया जाता है। 21 अक्टूबर 1959 को करम सिंह के नेतृत्व में भारतीय पुलिस कर्मियों का एक समूह उत्तर-पूर्वी लद्दाख में हॉट स्प्रिंग में गस्त कर रहा था। चीनी सेना ने अचानक भारतीय जवानों पर धावा बोल दिया था। बहादुरी के साथ चीनी सेना का सामना करते हुए अपनी पुलिस पोस्ट की सुरक्षा करते हुए वीर पुलिस जवानों ने अपने प्राणों की आहुति देकर शौर्य की परम्परा व गाथा को कायम रखा। उन महान शहीदों की स्मृति में और उनका अनुसरण करने वाले सभी पुलिस बलों के शहीदों के सम्मान में प्रत्येक वर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस आयोजित किया जाता है। जिला रोहतक में तैनात पुलिस कर्मचारियों ने जिले के असामाजिक/अपराधिक तत्वों से लड़ते हुए अपने प्राणों की कुर्बानी देकर पुलिस विभाग का नाम रोशन किया है। रोहतक पुलिस में तैनात हवलदार राज सिंह, हवलदार भीम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश चंद्र व उपनिरीक्षक बलवान सिंह ने अपनी जान की परवाह न करते हुए अपने फर्ज को बखूबी निभाया।
पुलिस अधीक्षक हिमांशु गर्ग ने बताया कि हमें पुलिस जवानों की शहादत को हमेशा याद रखना चाहिए और अपने फर्ज व कानून की जिम्मेवारी को सर्वोपरि मानते हुए सदैव फर्ज के लिए कुर्बानी देने के लिए तैयार रहना चाहिए।
Girish Saini 

