सत्यवान अपहरण व हत्या मामले में मुख्य आरोपी के साथ पुलिस की मुठभेड़
आरोपियों द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग, आरोपी उपचार के लिए पीजीआई में दाखिल।
रोहतक, गिरीश सैनी। रोहतक पुलिस की सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने खरावड़ आउटर बाईपास के पास गोली मारने व अपहरण की वारदात के मुख्य आरोपी प्रदीप डागर को कन्हेली पहरावर रोड पर मुठभेड़ के बाद उसके एक साथी सहित काबू किया है। आरोपियों से दो पिस्तौल/रिवाल्वर, तीन रौंद व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। आरोपियों को ईलाज के लिये पीजीआईएमएस रोहतक में दाखिल कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र सिंह भौरिया ने बताया कि 20 फरवरी 2026 को पुलिस को गांव खरावड़ आउटर बाईपास पुल के पास ब्रेज़ा गाड़ी पर गोलियां लगने व आस पास खून व खोल पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और गाड़ी मालिक की पहचान की। उसकी पहचान सत्यवान निवासी खेड़ी साध के रूप में हुई। उसकी माता की शिकायत पर जांच की गई। सत्यवान के गांव खरावड़ आउटर बाईपास पुल के पास पहुंचने पर अज्ञात युवकों द्वारा गोलियां चलाई गई औऱ वे उसका अपहरण कर अपने साथ ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुये अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतीक अग्रवाल के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम ने 24 फरवरी 2026 की सुबह कन्हेली पहरावर रोड पर जेएलएन नहर में मृतक सत्यवान के शव को बरामद किया। वारदात में शामिल रहे 4 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। फरार चल रहे मुख्य आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस टीम निरंतर छापेमारी कर रही थी।
2 मार्च 2026 को सीआईए-2 स्टाफ टीम को इस हत्याकांड मे शामिल दो मुख्य आरोपियों के शिवाजी कॉलोनी क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली। सीआईए-2 स्टाफ की टीम ने कन्हेली पहरावर रोड पर मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्ध युवको को रोकने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से सीधे फायर किए। पुलिस टीम ने युवकों को सरेंडर करने की चेतावनी देते हुए हवाई फायर किया। उसके बाद भी युवकों ने पुलिस टीम पर फॉयर किए। पुलिस टीम ने सूझबूझ व बहादुरी से अपना बचाव करते हुए आत्मरक्षा में युवकों पर फायर किया और युवकों के पैरों पर गोली लग गई। सीआईए-2 स्टाफ टीम ने युवकों को काबू किया, जिनकी पहचान प्रदीप निवासी झाडौदा कलां (दिल्ली) व सोमबीर निवासी मदीना के रूप में हुई। उनके पास से एक देसी पिस्तौल, एक रिवाल्वर, 3 रौंद व एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है। युवकों को तुरंत उपचार के लिए पीजीआईएमएस रोहतक में दाखिल कराया गया है। मुठभेड़ में दोनो तरफ से करीब 14 राउंड फायर हुये है। 9 फायर आरोपियों ने पुलिस टीम पर किए और जवाबी कार्यवाही में 5 फायर पुलिस टीम द्वारा किये गए।
आरोपी प्रदीप डागर पर 7 मामले दर्ज है, जिनमें हत्या की धाराओं के तहत 3 अलग-अलग मामले, अवैध हथियार, डकैती, स्नैचिंग, अपहरण आदि धाराओं के तहत एक-एक मामला दर्ज है। इसके अलावा एक हत्या का मामला दिल्ली में भी दर्ज है जिसमें मृतक व्यक्ति की अभी तक लाश पुलिस को नहीं मिली है। वहीं, आरोपी सोमबीर के खिलाफ हत्या के प्रय़ास के तहत एक औऱ चोरी की धाराओ के तहत एक मामला दर्ज है।
जानकारी के अनुसार सत्यवान ने 2018 में अपने ही गांव के एक युवक की हत्या की थी, जिसमें उसे स्थानीय अदालत द्वारा आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया गया है। सत्यवान द्वारा हाईकोर्ट में सजा के खिलाफ अपील दायर की गई थी और करीब 6 महीने पहले वह हाईकोर्ट से जमानत पर जेल से बाहर आया था। उसी रंजिश के तहत सत्यवान की हत्या की गई है।

Girish Saini 

