एमडीयू कन्या छात्रावास में शुरू हुई पीएनजी सुविधा
विवि कैंटीन, बॉयज होस्टल व रिहायशी क्वार्टर में भी पहुंचेगी सुविधा।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के कन्या छात्रावास अब ग्रीन-क्लीन एनर्जी से संचालित होंगे। विवि के कन्या छात्रावास में पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सुविधा लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मेस में पीएनजी सप्लाई शुरू कर दी गई है। इस पहल को लेकर शुक्रवार को भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) और एमडीयू के बीच आयोजित उच्च स्तरीय बैठक में एनर्जाइजिंग एमडीयू गर्ल्स हॉस्टल्स विद पीएनजी की आधिकारिक घोषणा की गई।
कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि पीएनजी व्यवस्था समय की आवश्यकता है और इससे सुरक्षित, स्वच्छ व पर्यावरण अनुकूल ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में विवि की कैंटीनों और बॉयज हॉस्टल्स में भी बीपीसीएल के सहयोग से पीएनजी सप्लाई शुरू की जाएगी, जिससे पूरा कैंपस ग्रीन एनर्जी मॉडल की ओर अग्रसर होगा।
बीपीसीएल के बिजनेस हेड (गैस) राहुल टंडन ने कहा कि अगले 100 दिनों के भीतर एमडीयू कैंपस के रिहायशी क्वार्टर, कैंटीनों, हॉस्टल्स और प्रयोगशालाओं में पीएनजी सप्लाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि एमडीयू में पीएनजी व्यवस्था लागू करना इसके सस्टेनेबिलिटी और ग्रीन फ्यूचर विजन को मजबूत करता है।
इस दौरान बीपीसीएल की ओर से कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल को द गुड प्रिंट सर्टिफिकेट प्रदान किया गया। वहीं कुलपति प्रो. मिलाप पूनियाँ ने राहुल टंडन को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कुलसचिव प्रो. संदीप बंसल ने बीपीसीएल का आभार जताया।
इस दौरान वित्त अधिकारी मुकेश भट्ट, चीफ वार्डन (बॉयज) प्रो. सुधीर कुमार, चीफ वार्डन (गर्ल्स) प्रो. सपना गर्ग, अधीक्षण अभियंता जे.एस. दहिया, निदेशक जनसंपर्क सुनित मुखर्जी, सहायक कुलसचिव (सामान्य प्रशासन) कांता हुड्डा सहित बीपीसीएल टीम के हेड (गैस) नॉर्थ ढकोलिया लाला प्रभु, हेड (मार्केटिंग एंड प्रोजेक्ट) प्रवीण गंगवार, टेरिटरी मैनेजर (रोहतक) उत्तम सिंह मौजूद रहे।

Girish Saini 

