पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाये अनेक कदमः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया।

पीएम नरेंद्र मोदी ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में उठाये अनेक कदमः पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय एमडीयू स्थित राधाकृष्णन सभागार में आयोजित नारी शक्ति वंदन सम्मेलन में भाजपा के पदाधिकारियों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करवाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। सरकार द्वारा इस अधिनियम को वर्ष 2029 में लोकसभा एवं विधानसभा चुनाव में लागू करवाने के उद्देश्य से 16 से 18 अप्रैल 2026 तक संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है।

सम्मेलन के मुख्य अतिथि व पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, भाजपा के प्रदेश कोषाध्यक्ष अजय बंसल सहित अन्य वक्ताओं ने महिलाओं को संसद व विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण दिलवाने के लिए पारित करवाये गए इस अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री मोदी का धन्यवाद किया। वक्ताओं ने उपस्थित महिलाओं का आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के महिलाओं के सशक्तिकरण के संकल्प को घर-घर पहुंचाये।

पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2015 में पानीपत से बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ राष्ट्रीय अभियान का शुभारंभ किया। इस अभियान के परिणामस्वरूप हरियाणा में लिंगानुपात में काफी सुधार हुआ तथा नागरिकों में बेटियों के प्रति सोच में सकारात्मक बदलाव आया। सरकार द्वारा महिला सुरक्षा के दृष्टिगत महिला पुलिस थाने स्थापित किए गए है तथा महिलाओं को सशक्त करने के लिए अनेक योजनाएं क्रियान्वित की जा रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा लाभार्थियों को योजनाओं का शत प्रतिशत लाभ प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री जनधन खाते खोले गए है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान देश की बहादुर बेटियों ने पाकिस्तानी सीमा में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करवाया गया था। सरकार द्वारा अब इस अधिनियम को लागू करवाने के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाया है। वर्ष 2029 में आम चुनाव में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार मिलेगा।

इस दौरान सांस्कृतिक टीम द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की दिशा में चलाई गई सरकार की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। टीम की महिला कलाकारों ने संदेश दिया कि आज लडक़ी मां-बाप पर बोझ नहीं है, बल्कि सरकार द्वारा लड़कियों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही है। कलाकारों ने प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत शून्य बैलेंस पर खोले गए खातों, सुकन्या समृद्धि योजना, पीएम मातृ वंदना योजना, लखपति दीदी, ड्रोन दीदी, मुद्रा योजना के अलावा तीन तलाक को समाप्त करने जैसे सामाजिक मुद्दों की भी जानकारी दी। इस दौरान मंडल आयुक्त के ओएसडी शुभम, महिला एवं बाल विकास विभाग की कार्यक्रम अधिकारी दीपिका सैनी सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।