प्रधानमंत्री मोदी ने गीता का संदेश पूरे विश्व में पहुंचायाः मंत्री ओम प्रकाश यादव

प्रधानमंत्री मोदी ने गीता का संदेश पूरे विश्व में पहुंचायाः मंत्री ओम प्रकाश यादव

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव ने बुधवार को रोहतक यादव सभा में कृष्ण जन्माष्टमी पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया। इसके उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पवित्र ग्रंथ गीता के संदेश को पूरे विश्व में पहुंचाने का कार्य किया है। आज भारत के साथ-साथ विश्व में भी भगवान कृष्ण द्वारा कुरुक्षेत्र में गीता के दिए गए उपदेश के ग्रंथ को पढ़ा जाता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने भी गीता के प्रचार प्रसार के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ी है।

मंत्री ओम प्रकाश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल पूरे प्रदेश में एक समान विकास करवा रहे हैं। मंत्री ने पत्रकारों द्वारा खेल मंत्री संदीप सिंह के इस्तीफे के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। संदीप सिंह के मामले में कानून निष्पक्ष कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संदीप सिंह का मामला न्यायालय में है। इसलिए इस पर कोई टीका टिप्पणी करना गलत है। कानून अपना कार्य करेगा। इस मौके पर उनके साथ भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष ग्रोवर भी मौजूद रहे।