प्रधानमंत्री ने देशव्यापी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया

हरियाणा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और सीएम नायब सिंह सैनी ने की अभियान की शुरुआत।

प्रधानमंत्री ने देशव्यापी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह का शुभारंभ किया

रोहतक, गिरीश सैनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर देशभर में महिलाओं को अनोखा तोहफा मिला। महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को समर्पित अभिनव पहल करते हुए प्रधानमंत्री ने बुधवार को मध्यप्रदेश से राष्ट्रव्यापी स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान और 8वें पोषण माह सहित अन्य पहलों का शुभारंभ किया। हरियाणा में इस अभियान की शुरुआत रोहतक में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने की।

समारोह के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मध्य प्रदेश से दिए गए संदेश को लाइव प्रसारण के माध्यम से सुना गया। उल्लेखनीय है कि यह अभियान महिलाओं, किशोरियों और बच्चों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगा। '8वें पोषण माह' का उद्देश्य भी गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, किशोरियों और 6 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए पोषण के महत्व के बारे में जागरूकता फैलाना है।

समारोह के दौरान, केंद्रीय मंत्री नड्डा और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने महिलाओं के स्वास्थ्य जांच शिविर, प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान - IV और विशेष टीकाकरण सप्ताह का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने शिशु को पौष्टिक आहार खिलाकर पोषण माह का शुभारंभ किया। इसके अलावा, लिंगानुपात में सुधार के लिए रोहतक जिले के गांवों, जहां बेटों के मुकाबले बेटियों की जन्म दर अधिक रही, उन गांवों की सरपंचों को भी सम्मानित किया गया। गांव समचाणा की सरपंच रेणू, गांव खरावड़ की सरपंच सरोज और गांव भैणी सुरजन की काजल को सम्मानित किया गया। साथ ही, प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत जन आरोग्य योजना के तहत 70 वर्ष व अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों को वयवंदन कार्ड और आयुष्मान योजना के लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड का वितरण भी किया। समारोह में कैंसर को मात देने वाले कैंसर चैंपियन को भी सम्मानित किया गया।

समारोह में केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा और सीएम नायब सिंह सैनी ने उपस्थित जन को अंग दान तथा स्वस्थ आहार - संतुलित आहार की शपथ भी दिलवाई। इस मौके पर सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, स्वास्थ्य मंत्री कुमारी आरती सिंह राव, महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रुति चौधरी, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पं. मोहन लाल बड़ौली और पूर्व मंत्री मनीष ग्रोवर, संगठन महामंत्री फणींद्र नाथ शर्मा, एमडीयू कुलपति प्रो. राजबीर सिंह, जिला परिषद की चेयरपर्सन मंजू हुड्डा सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।