खेल भावना का प्रदर्शन करें खिलाड़ीः पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर
पांच दिवसीय अंडर-17 लड़कियों की क्रिकेट चैंपियनशिप का शुभारंभ।
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा के पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने स्थानीय वैश्य कॉलेज स्थित महाराजा अग्रसेन स्टेडियम में 69 वें राष्ट्रीय खेलों के अंतर्गत अंडर 17 लड़कियों की क्रिकेट चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। 3 मई को संपन्न होने वाली इस चैंपियनशिप में 27 टीमें भाग ले रही है।
पूर्व मंत्री ग्रोवर ने दीप प्रज्वलित किया और खेल ध्वजारोहण के साथ-साथ विधिवत रूप से क्रिकेट चैंपियनशिप के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने अंडर-17 क्रिकेट चैंपियनशिप की ट्राफियों का अनावरण भी किया। उन्होंने खिलाडिय़ों का आह्वान किया कि वे कठिन परिश्रम के साथ बेहतरीन खेल प्रदर्शन करें तथा अपने माता-पिता व प्रदेश के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन करें। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन से विभिन्न प्रदेशों के खिलाडिय़ों को एक दूसरे प्रदेशों के खिलाडिय़ों को समझने का अवसर प्राप्प्त होता है।
उन्होंने महिला खिलाडिय़ों का आह्वान किया कि वे न केवल शिक्षा व खेल बल्कि राजनीति में भी बढ़चढक़र भाग लें। उन्होंने कहा कि महिला क्रिकेटर शेफाली वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने माता-पिता के साथ-साथ जिला, प्रदेश व देश का नाम रोशन किया है। उन्होंने खिलाडिय़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे खेलों को खेल भावना से खेलें।
जिला शिक्षा अधिकारी मंजीत मलिक ने स्वागत संबोधन किया तथा आयोजन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। इस दौरान राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मॉडल टाउन की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। छात्राओं ने हरियाणवी नृत्य, समूह नृत्य आदि भी प्रस्तुत किए। खिलाडिय़ों ने ध्वज मार्च पास्ट में हिस्सा लिया। मुख्यातिथि मनीष ग्रोवर ने खिलाडिय़ों का अभिवादन स्वीकार किया।

Girish Saini 

