एससी-89 योजना के तहत चयनित किसानों के ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन 20 मार्च कोः उपायुक्त सचिन गुप्ता
छोटे व सीमांत किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ देने के लिए सरकार की योजना।
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग हरियाणा द्वारा संचालित एससी-89 योजना के तहत अनुसूचित श्रेणी के किसानों को ट्रैक्टर पर अनुदान प्रदान करने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए चयनित किसानों के ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन 20 मार्च 2026 को कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के स्थानीय उप कृषि निदेशक कार्यालय में प्रात: 11 बजे से किया जाएगा।
उपायुक्त सचिन गुप्ता ने बताया कि योजना के अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए अनुसूचित श्रेणी के किसानों से आवेदन आमंत्रित किए गए थे। प्राप्त आवेदनों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र किसानों का चयन किया गया है। अब चयनित किसानों द्वारा खरीदे गए ट्रैक्टरों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद उन्हें निर्धारित अनुदान राशि प्रदान करने की आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने संबंधित किसानों का आह्वान किया है कि वे निर्धारित तिथि और समय पर अपने ट्रैक्टर सहित आवश्यक दस्तावेजों के साथ उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपस्थित हों, ताकि सत्यापन की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।
उपायुक्त ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य अनुसूचित श्रेणी के किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों से जोडक़र उनकी खेती को अधिक लाभकारी बनाना है। ट्रैक्टर पर अनुदान जैसी योजनाओं से छोटे एवं सीमांत किसानों को कृषि कार्यों में सहूलियत मिलती है और उनकी आय बढ़ाने में भी मदद मिलती है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सत्यापन प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई जाए, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ समय पर मिल सके।

Girish Saini 

