स्वस्थ हरियाणा के लिए पीजीआईएमएस को बनाया जाएगा उत्कृष्टता केंद्र : कुलपति डॉ. अग्रवाल

स्वस्थ हरियाणा के लिए पीजीआईएमएस को बनाया जाएगा उत्कृष्टता केंद्र : कुलपति डॉ. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया और परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, चिकित्सा शिक्षा और अनुसंधान को मजबूत करने की संस्थान की भावी योजनाएं साझा कीं।

डॉ. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस रोहतक को राष्ट्रीय व वैश्विक स्तर पर स्वास्थ्य सेवा, चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान का उत्कृष्टता केंद्र बनाया जाएगा। वर्ष 2026-27 के लिए सरकार ने 1,232 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया है, जो पिछले वर्ष से 422 करोड़ रुपये अधिक है।

उन्होंने बताया कि न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग में 35 करोड़ रुपये की लागत से 128-स्लाइस पीईटी/सीटी मशीन लगाई जाएगी, जबकि अनुसंधान एवं विकास के लिए पांच करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। दुर्लभ रोगों के लिए उत्कृष्टता केंद्र का प्रस्ताव भी केंद्र सरकार को भेजा गया है।

नए इमरजेंसी ब्लॉक, क्रिटिकल केयर अस्पताल, केंद्रीय पुस्तकालय, फैकल्टी गेस्ट हाउस और छात्रावासों का निर्माण तेज किया जाएगा। संस्थान में एआई, रोबोटिक सर्जरी, टेलीमेडिसिन और जीनोमिक्स जैसी तकनीकों का विस्तार भी होगा। उन्होंने कहा कि तकनीक डॉक्टर की संवेदनशीलता और करुणा का विकल्प नहीं हो सकती।

समारोह में कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल, डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम.जी. वशिष्ठ, डीन डॉ. अशोक चौहान, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल सहित विभिन्न विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।