पीजीआईएमएस के छात्रों ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जीता कॉलेज ऑफ द ईयर का खिताब
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के छात्रों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए नेटवर्क ऑफ स्टूडेंट लीडर्स (नेस्ट) द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में कॉलेज ऑफ द ईयर का प्रतिष्ठित खिताब अपने नाम किया है। इस प्रतियोगिता में पीजीआईएमएस, रोहतक से कुल 20 छात्रों ने डॉ. सुजाता सेठी के मार्गदर्शन में भाग लिया।
पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने इस उपलब्धि को छात्रों की मेहनत और समर्पण का परिणाम बताते हुए कहा कि छात्रों ने विवि का नाम पूरे देश में रोशन किया है। उन्होंने छात्रों की टीम को बधाई दी।
निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि ये खिताब हमारे छात्रों की प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को दर्शाता है। डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ एम.जी. वशिष्ठ ने भी विद्यार्थियों को बधाई दी। डॉ सुजाता सेठी ने बताया कि इस कार्यक्रम में भाग लेने वाले छात्रों में अवि मित्तल, परमानंद, प्रेरणा, निकिता मलिक और रचिता शामिल रहे। उन्होंने बताया कि यूके फंडेड ऑर्गेनाइजेशन नेस्ट एक राष्ट्रीय मंच है, जो देशभर के छात्रों में नेतृत्व क्षमता, नवाचार और टीमवर्क को बढ़ावा देने का कार्य करता है। जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ उमेश यादव ने कहा कि इस उपलब्धि ने फिर से साबित कर दिया कि सही मार्गदर्शन और टीमवर्क से राष्ट्रीय स्तर पर भी सफलता का परचम लहराया जा सकता है। इस दौरान विवि प्राध्यापक एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini 

