पीजीआईएमएस, रोहतक में अब हर बुधवार विशेष ब्रेस्ट कैंसर क्लिनिक
कैंसर रोगियों को उच्चस्तरीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है यूएचएसआर: कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। महिलाओं में बढ़ते स्तन कैंसर के मामलों को देखते हुए पीजीआईएमएस, रोहतक ने स्तन कैंसर की शीघ्र पहचान एवं समग्र उपचार सेवाओं को और सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए प्रत्येक बुधवार को चौ रणबीर सिंह ओपीडी में ब्रेस्ट कैंसर क्लिनिक संचालित करने का निर्णय लिया है। ओपीडी के कक्ष संख्या 266 में संचालित होने वाले इस क्लीनिक की जिम्मेदारी सर्जरी विभाग की वरिष्ठ प्रोफेसर डॉ. नित्याशा दराल को सौंपी गई है। इस क्लिनिक में रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श, स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
यूएचएसआर के कुलपति डॉ. एच. के. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस, रोहतक हरियाणा एवं आसपास के क्षेत्रों के कैंसर रोगियों को उच्चस्तरीय एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान में कैंसर रोगियों के लिए स्क्रीनिंग, आधुनिक जांच सुविधाएं, कैंसर सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी, पैथोलॉजी एवं अन्य सहयोगी सेवाएं एक ही परिसर में उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि कैंसर के विरुद्ध लड़ाई में जागरूकता, समय पर जांच तथा शीघ्र उपचार सबसे प्रभावी हथियार हैं और पीजीआईएमएस इस दिशा में निरंतर कार्य कर रहा है।
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने बताया कि स्तन कैंसर की समय पर पहचान से उपचार की सफलता की संभावना काफी बढ़ जाती है। उन्होंने बताया कि पीजीआईएमएस में स्तन कैंसर रोगियों के लिए आधुनिक कैंसर सर्जरी, ब्रेस्ट कंजर्वेशन सर्जरी, संशोधित रेडिकल होल ब्रेस्ट रिकंस्ट्रक्शन एवं इम्प्लांट बेस्ड रिकंस्ट्रक्शन, कीमोथेरेपी, रेडियोथेरेपी तथा बहु-विषयक उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
डॉ. नित्याशा दराल ने बताया कि स्तन कैंसर भारतीय महिलाओं में सबसे अधिक पाया जाने वाला कैंसर है। भारत में प्रतिवर्ष लगभग दो लाख नए स्तन कैंसर रोगी सामने आते हैं और शहरी क्षेत्रों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी इसके मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि रोग का पता प्रारंभिक अवस्था में चल जाए तो अधिकांश मरीजों का सफल उपचार संभव है। उन्होंने महिलाओं से नियमित स्तन स्व-परीक्षण करने तथा किसी भी गांठ, त्वचा में बदलाव, निप्पल से स्राव या अन्य असामान्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने का आग्रह किया।
Girish Saini 

