आईआईआरएफ रैंकिंग में पीजीआईएमएस, रोहतक को देश भर में 5वीं रैंक
पीजीआईएमएस परिवार की मेहनत, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का प्रमाण हैं टॉप 5 रैंकिंगः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। प्रतिष्ठित इंटरनेशनल इंस्टीट्यूशनल रैंकिंग फ्रेमवर्क इंडिया रैंकिंग 2026 में पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक के पीजीआईएमएस ने देश के शीर्ष मेडिकल संस्थानों में स्थान हासिल किया है। आईआईआरएफ की ताजा रैंकिंग सूची के अनुसार पीजीआईएमएस, रोहतक को देशभर में 5वीं रैंक मिली है और इसके साथ ही यह हरियाणा का नंबर 1 और नॉर्थ जोन का तीसरा सर्वश्रेष्ठ मेडिकल कॉलेज बन गया है।
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि यह रैंकिंग पीजीआईएमएस परिवार की मेहनत, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण सेवाओं का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य सिर्फ शिक्षा देना नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना भी है। पिछले कुछ वर्षों में इंफ्रास्ट्रक्चर की मजबूती, नए सुपर स्पेशियलिटी विभागों की शुरुआत और शोध को बढ़ावा दिए जाने का परिणाम आज सामने है। कुलपति ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में पीजीआईएमएस अपना महत्वपूर्ण योगदान देगा। उन्होंने सभी संकाय सदस्यों, डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
कुलपति डॉ अग्रवाल ने बताया कि आईआईआरएफ की 2026 की रैंकिंग में पीजीआईएमएस ने मेडिकल में देश में 5वां स्थान, डेंटल में देश में छठा और हरियाणा में पहला स्थान, फिजियोथेरेपी में देश में चौथा और हरियाणा में पहला स्थान तथा फार्मेसी में फार्मेसी कॉलेज को देश में नौवां और हरियाणा में पहला स्थान प्राप्त हुआ है। नॉर्थ जोन में मेडिकल, डेंटल, फार्मेसी और फिजियोथेरेपी चारों श्रेणियों में पीजीआईएमएस, रोहतक टॉप 4 में शामिल है, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने इस रैंकिंग का श्रेय विवि की पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था और समयबद्ध कार्यों को देते हुए कहा कि विवि में राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के मानकों के अनुसार आधुनिक पाठ्यक्रम, सिमुलेशन लैब, स्किल लैब और रिसर्च को प्राथमिकता दी गई है।
डीन एकेडमिक अफेयर्स डॉ. एम. जी. वशिष्ठ तथा कार्यकारी निदेशक व डीन पीजीआईएमएस डॉ. अशोक चौहान ने भी इस उपलब्धि पर डेंटल कॉलेज की प्राचार्य डॉ मनु राठी, फिजियोथैरेपी के प्राचार्य डॉ रूप सिंह, फार्मेसी कॉलेज के कार्यकारी प्राचार्य डॉ नवीन खत्री सहित सभी को बधाई दी।
जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजुनाथ ने कहा कि आईआईआरएफ ने यह रैंकिंग - टीचिंग-लर्निंग, रिसर्च, इंडस्ट्री इंटरेक्शन, प्लेसमेंट, इंफ्रास्ट्रक्चर और सोशल इम्पैक्ट जैसे 7 मापदंडों पर दी है। पीजीआईएमएस, रोहतक का नाम एम्स दिल्ली, चेन्नई, जेआईपीएमईआर पुडुचेरी और केजीएमयू लखनऊ के बाद आना अपने आप में बड़े गर्व की बात है।
Girish Saini 

