जीजेयू के शीर्ष वैज्ञानिकों ने शोधार्थियों को दिए अनुसंधान के मंत्र
शोध की गुणवत्ता और नवाचार पर जोर
हिसार, गिरीश सैनी। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विवि में शोधार्थियों की अनुसंधान क्षमता और अकादमिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए आईक्यूएसी एवं यूजीसी-मालवीय मिशन शिक्षक प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें वर्ष 2025 और 2026 में स्टैनफोर्ड विवि तथा एल्सेवियर की सूची में विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों में शामिल विवि के प्राध्यापकों ने शोधार्थियों को महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
अनुसंधान एवं विकास अधिष्ठाता प्रो. नीरज दिलबागी ने शोध संस्कृति, नवाचार और उभरती तकनीकों पर जोर दिया। प्रो. आशीष अग्रवाल ने आधुनिक अनुसंधान सुविधाओं के उपयोग और शोध परिणामों के विश्लेषण, जबकि प्रो. अश्वनी कुमार ने पेटेंट एवं बौद्धिक संपदा सृजन की महत्ता बताई। प्रो. दिनेश ढींगरा ने शोध नैतिकता और वैज्ञानिक जवाबदेही पर विचार रखे।
आईक्यूएसी निदेशक प्रो. कश्मीरी लाल ने नैक मूल्यांकन और वैश्विक रैंकिंग में अनुसंधान की भूमिका बताई। अन्य विशेषज्ञों ने शोध में ईमानदारी, सामाजिक उत्तरदायित्व, नवाचार और सामूहिक प्रयासों को सफलता का आधार बताया।

City Air News

