राष्ट्रीय इमरजेंसी ट्रेनिंग के केंद्र के रूप में उभरा पीजीआईएमएस, रोहतक
कुलपति डॉ. अग्रवाल ने किया हरियाणा के पहले एनईएलएस स्किल सेंटर का उद्घाटन।
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने हरियाणा के पहले नेशनल इमरजेंसी लाइफ सपोर्ट (एनईएलएस) स्किल सेंटर का वीरवार को उद्घाटन किया। भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में ट्रॉमा सेंटर में स्थापित यह अत्याधुनिक सुविधा पीजीआईएमएस, रोहतक को इमरजेंसी लाइफ सपोर्ट ट्रेनिंग के राष्ट्रीय केंद्र के रूप में नई पहचान देगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा हरियाणा के पहले एनईएलएस स्किल सेंटर के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक का चयन संस्थान के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, हृदयाघात और स्ट्रोक जैसी आपात स्थितियों में शुरुआती मिनटों में दिया गया सही उपचार जीवन बचाने में निर्णायक होता है। एनईएलएस प्रशिक्षण से डॉक्टरों, नर्सिंग और पैरामेडिकल स्टाफ को मानकीकृत एवं वैज्ञानिक प्रशिक्षण मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस सेंटर से पीजीआईएमएस के साथ हरियाणा और आसपास के राज्यों के स्वास्थ्यकर्मी भी लाभान्वित होंगे। इससे आपातकालीन चिकित्सा के क्षेत्र में प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार होगा और प्रदेश में इमरजेंसी सेवाओं की गुणवत्ता बेहतर होगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के सहयोग से संस्थान लगातार नई सुविधाएं विकसित कर रहा है।
कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि सेंटर संस्थान की शैक्षणिक और क्षमता निर्माण गतिविधियों को नई दिशा देगा। यहां प्रमाणित ट्रेनर तैयार कर पूरे प्रदेश में एनईएलएस प्रशिक्षण का नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
निदेशक पीजीआईएमएस डॉ. एस.के. सिंघल ने बताया कि सेंटर के लिए समर्पित भवन उपलब्ध कराया गया है। अत्याधुनिक सिमुलेशन उपकरण और प्रशिक्षित फैकल्टी के साथ यह सेंटर प्रदेश में इमरजेंसी केयर ट्रेनिंग का प्रमुख केंद्र बनेगा। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुंदन मित्तल ने कहा कि प्रशिक्षित स्टाफ का लाभ गंभीर मरीजों के उपचार के साथ जिला अस्पतालों और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों तक पहुंचेगा।
इस दौरान आईएमएच की निदेशिका कम सीईओ डॉ. सुजाता सेठी, निश्चेत विभागाध्यक्षा डॉ. सुशीला तक्षक, डॉ. किरणप्रीत, डॉ. प्रीति, डॉ. दीपिका, डॉ. राकेश, जनसंपर्क विभाग के इंचार्ज डॉ. मंजूनाथ, डॉ वीरेंद्र, डॉ. उमेश यादव, डॉ. विवेक मलिक सहति अन्य अधिकारी व चिकित्सक मौजूद रहे।
तीन दिवसीय ट्रेनर वर्कशॉप:
एनईएलएस स्किल सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि 20 से 22 अगस्त तक एनईएलएस ट्रेनर वर्कशॉप का आयोजन किया जा रहा है। इसमें प्रशिक्षित फैकल्टी और स्वास्थ्य पेशेवर हिस्सा लेंगे तथा प्रदेश व आसपास के क्षेत्रों के लिए प्रमाणित ट्रेनरों का पूल तैयार किया जाएगा।

Girish Saini 

