अंगदान में पीजीआईएमएस, रोहतक ने बनाई विशिष्ट पहचानः युवा भाजपा नेता ग्रोवर

कुलपति सहित चिकित्सकों की टीम को दी बधाई।

अंगदान में पीजीआईएमएस, रोहतक ने बनाई विशिष्ट पहचानः युवा भाजपा नेता ग्रोवर

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल के नेतृत्व में एक माह के भीतर 3 ब्रेन डेड मरीजों के अंगदान ने समाज में अंगदान के प्रति एक अलख जगा दी है। युवा भाजपा नेता हिमांशु ग्रोवर ने शुक्रवार को कुलपति से भेंट कर अंगदान के क्षेत्र में पीजीआईएमएस, रोहतक और हरियाणा प्रदेश को पूरे देश में नई पहचान दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

ग्रोवर ने कहा कि एक माह में 3 ब्रेन डेड मरीजों के अंगदान से 19 गंभीर मरीजों की जान बचाने के साथ ही हेलीकॉप्टर से आर्गन लिफ्ट करवा कर जीवन बचाना एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। उन्होंने सभी अंगदाता परिवारों को भी नमन किया जिन्होंने अपने सबसे बड़े दुख की घड़ी में भी समाज हित को सर्वोपरि रखा।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने इस उपलब्धि का समस्त श्रेय उन परिजनों को दिया जिन्होंने अपना सब कुछ खोकर भी दूसरों को जीवन देने के लिए अपने प्रियजनों के अंगदान के लिए हामी भरी। कुलपति ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती राव के मार्गदर्शन में संस्थान में दो साल बाद अंगदान मुहिम फिर से शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  द्वारा मन की बात में अंगदान की चर्चा का ही नतीजा है कि सोटो हरियाणा की टीम ने एक माह में 3 रिकॉर्ड अंगदान करवाए।

कुलपति ने अंगदान में डॉ तरुण यादव सहित समस्त चिकित्सक टीम एवं अन्य स्टाफ के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि हमारा लक्ष्य है कि हर महीने ये संख्या बढ़े ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि जब परिवार दुख में होता है, उसी गोल्डन ऑवर में संवेदना हरतते हुए परिजनों की काउंसलिंग करनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि संस्थान के नेत्र विभाग की काउंसलर रोजाना मृत्यु को प्राप्त होने वाले 5 से अधिक मरीजों के परिवारों से संपर्क करेंगी। एक नेत्रदान दो लोगों को रोशनी देता है।