पीजीआईएमएस कर्मी ने परिजन की याद में ओपीडी में भेंट किया वाटर कूलर
रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि की चौ. रणबीर सिंह ओपीडी में तैनात ओटी टेक्नीशियन अशोक गुलाटी ने अपने दिवंगत भाई स्व. सुरेंद्र गुलाटी की पुण्य स्मृति में हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में एक वाटर कूलर भेंट किया। इस पहल से तपती गर्मी में इलाज के लिए आने वाले सैकड़ों मरीजों और उनके तीमारदारों को शीतल पेयजल की सुविधा मिलेगी।
युवा भाजपा नेता व समाजसेवी हिमांशु ग्रोवर ने मंगलवार को ओपीडी में वाटर कूलर का शुभारंभ किया। उन्होंने जल सेवा को सबसे बडी सेवा बताते हुए कहा कि अस्पताल में आने वाला हर मरीज किसी न किसी पीड़ा से गुजर रहा होता है और ऐसे में ठंडे पानी का एक गिलास भी उसे राहत और हौसला देता है। उन्होंने अपने भाई की याद में इस भेंट के लिए अशोक गुलाटी का प्रशंसा की। उन्होंने आम जनता से अपील की कि अपने जन्मदिन, वर्षगांठ या अपनों की स्मृति में रक्तदान, अंगदान शपथ पत्र, पौधारोपण या जल सेवा जैसे कार्य अवश्य करें।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि पीजीआईएमएस परिवार सिर्फ इलाज ही नहीं, इंसानियत की पाठशाला भी है। उन्होंने इस नेक कार्य के लिए अशोक गुलाटी की सराहना करते हुए कहा कि जब हमारे कर्मचारी जब अपने निजी दुख को समाजसेवा में बदलते हैं तो पूरा संस्थान गौरवान्वित होता है।
कुलसचिव और हड्डी रोग विभागाध्यक्ष डॉ. रूप सिंह ने इस नेक कार्य की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी संस्थान की असली पूंजी उसके कर्मचारी होते हैं। निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि हड्डी रोग विभाग की ओपीडी में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज आते हैं और गर्मी में ठंडे पानी की सबसे ज्यादा जरूरत होती है। इस दौरान डॉ. आशीष देवगन, डॉ. राजेश रोहिल्ला, राजेंद्र यादव, रामकेश, रमेश कुमार, सुनील सहित विभाग के अन्य कर्मचारी व आमजन मौजूद रहे।

Girish Saini 

