पीजीआईएमएस में खामियों पर सख्त हुए निदेशक, एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक के निदेशक डॉ. एसके सिंघल ने वीरवार को अस्पताल के प्रथम व द्वितीय तल के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर मरीजों की सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने वार्ड-8, आईसीयू, नेत्र, ईएनटी, ऑर्थो-सर्जरी, पीआईसीयू व एनआईसीयू समेत अन्य वार्डों का जायजा लिया।
निदेशक डॉ. सिंघल ने सीलन व क्षतिग्रस्त छतों की मरम्मत, टूटी खिड़कियों के शीशे बदलने, वार्ड-8 के इमरजेंसी एग्जिट की मरम्मत तथा सभी शौचालयों को चालू रखने के निर्देश दिए। कॉरिडोर के पंखे चालू रखने और तीमारदारों के बैठने के लिए बेंच लगाने को भी कहा।
उन्होंने फायर एग्जिट की स्पष्ट मार्किंग, अग्निशमन यंत्रों को अपडेट करने और पीआईसीयू-एनआईसीयू के इमरजेंसी एग्जिट को अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए। कैंटीन में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने और केवल व्यावसायिक सिलेंडर इस्तेमाल करने को कहा।
निदेशक ने लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी देते हुए विभागाध्यक्षों, नर्सिंग व इंजीनियरिंग अधिकारियों से एक सप्ताह में अनुपालन रिपोर्ट मांगी।

Girish Saini 

