पीजीआईएमएस ने अपनाया नया प्रतीक चिन्ह
मरीजों के प्रति सेवा, समर्पण, उत्कृष्टता के वादे को दोहराता है लोगोः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल
रोहतक, गिरीश सैनी। पीजीआईएमएस, रोहतक द्वारा संस्थान का नया लोगो (प्रतीक चिन्ह) अपनाया गया है। यूएचएसआर के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल और निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल ने कहा कि नया लोगो मरीजों के प्रति सेवा, समर्पण, उत्कृष्टता के संस्थान के वादे को दोहराता है।
कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि नए लोगो में उगता हुआ सूरज आने वाले हर मरीजों के लिए नई जिंदगी की किरण का प्रतीक है। सूरज के नीचे खिला हुआ फूल पवित्रता और चिकित्सा ज्ञान के प्रकाश की निशानी है। कैड्यूसियस यानी सांप लिपटा डंडा और स्टेथोस्कोप दर्शाता है कि पीजीआईएमएस का हर डॉक्टर पहले मरीज की सुनेगा, फिर दवाई देगा।
कुलपति ने कहा कि लोगो के पीछे बना हरियाणा का नक्शा दर्शाता है कि पीजीआईएमएस सिर्फ रोहतक का नहीं, बल्कि अंबाला, जींद, हिसार, सिरसा, मेवात, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, पलवल, भिवानी, सिरसा सहित पूरे हरियाणा का अस्पताल है।
निदेशक डॉ सिंघल ने कहा कि लोगो के चारों ओर तिरंगे का केसरिया, सफेद और हरा रंग है। दोनों तरफ बने हरे पत्ते दर्शाते हैं कि यहां अंग्रेजी दवा के साथ-साथ योग, आयुर्वेद का भी सम्मान है।
Girish Saini 


