डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा पीजीआईडीएस का प्रोजेक्टः कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल

एआई आधारित मिडास प्रोजेक्ट से होगी मुंह के कैंसर की समय पर पहचान संभव।

डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा पीजीआईडीएस का प्रोजेक्टः कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने मिडास प्रोजेक्ट की उपलब्धियों पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि पीजीआईडीएस, रोहतक का ये प्रयास डिजिटल हेल्थ के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। एआई आधारित ये तकनीक ग्रामीण और दूरदराज के इलाकों में मुंह के कैंसर की समय पर पहचान कर हजारों जिंदगियां बचाने में मददगार होगी। उन्होंने कहा कि तंबाकू से होने वाली बीमारियों का बोझ हरियाणा में ज्यादा है, ऐसे में यह प्रोजेक्ट हमारे क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने उत्तर भारत से सिर्फ पीजीआईडीएस, रोहतक को इस राष्ट्रीय प्रोजेक्ट के लिए चुने जाने पर ओरल पैथोलॉजी विभागाध्यक्षा डॉ. माला कांबोज और उनकी पूरी टीम को बधाई दी। कुलपति ने कहा कि विवि इस तरह के नवाचार और रिसर्च को हर संभव सहयोग देता रहेगा। कुलसचिव डॉ. रूप सिंह, निदेशक डॉ. एस.के. सिंघल और प्राचार्या डॉ. मनु राठी ने भी डॉ. माला कांबोज को इस उपलब्धि पर बधाई दी।

डॉ माला कंबोज ने बताया कि आईसीएमआर ने मिडास प्रोजेक्ट के लिए कुल 65 लाख 92 हजार 853 रुपये की राशि स्वीकृत की है, जिसमें से पहले दो वर्षों में 47 लाख 47 हजार 415 रुपये प्राप्त हो चुके हैं। यह परियोजना एम्स नई दिल्ली और भारतीय विज्ञान संस्थान (आईआईएससी) बेंगलुरु के सहयोग से चलाई जा रही है। उत्तर भारत से केवल पीजीआईडीएस रोहतक ही इस प्रोजेक्ट का हिस्सा है। अब तक इस प्रोजेक्ट में 700 से अधिक मरीजों को शामिल किया जा चुका है। हजारों उच्च गुणवत्ता वाली क्लिनिकल और हिस्टोपैथोलॉजिकल तस्वीरों का डाटाबेस तैयार किया गया है, जिसके आधार पर एक एआई आधारित मोबाइल एप विकसित की जा रही है जो संदिग्ध घावों की तुरंत पहचान कर विशेषज्ञ तक रेफर करेगी। इससे निदान में देरी नहीं होगी और इलाज जल्दी शुरू हो सकेगा। 

डॉ माला कंबोज ने बताया कि प्रोजेक्ट के तहत मरीजों से तंबाकू, गुटखा, बीड़ी-सिगरेट के सेवन की पूरी जानकारी ली जाती है और उन्हें इसके खतरों के बारे में जागरूक किया जाता है। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान से मुंह के कैंसर का इलाज आसान, सस्ता और ज्यादा सफल हो जाता है। डॉ. माला ने बताया कि कहा कि मिडास प्रोजेक्ट से अब तक 5 शोध पत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं, जिनका इम्पैक्ट फैक्टर 5.5 तक है। प्रोजेक्ट के निष्कर्षों को कई राष्ट्रीय सम्मेलनों में प्रस्तुत किया गया, जहां इसे बेस्ट पेपर अवार्ड से भी नवाजा गया। इस प्रोजेक्ट से एक राष्ट्रीय स्तर का ओपन इमेज डाटा सेट भी तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में एआई रिसर्च के लिए सभी वैज्ञानिकों को मुफ्त उपलब्ध होगा। 

कुलपति डॉ एच.के. अग्रवाल ने कहा कि हर साल भारत में मुंह के कैंसर के करीब 1.77 लाख से ज्यादा नए मामले सामने आते हैं। 70% से अधिक मरीज देरी से डॉक्टर तक पहुंचते हैं। यदि समय पर पता चल जाए तो 90% मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। मुंह में तीन सप्ताह से ज्यादा समय तक रहने वाला छाला, सफेद-लाल धब्बा, जलन या मुंह खोलने में दिक्कत हो तो तुरंत डेंटल विशेषज्ञ को दिखाएं।