बिजली की कमी से ग्रस्त लोगों ने प्रदर्शन कर दिया अल्टीमेटम
सत्ताधारी मस्त, जनता त्रस्तः किसान नेता राजू मान
चरखी दादरी, गिरीश सैनी। बिजली की अनियमित सप्लाई को लेकर स्थानीय एमसी कालोनी में गुस्साए लोगों ने वेयर हाऊस रोड पर प्रदर्शन करते हुए सरकार को अल्टीमेटम दिया कि अगर दो दिन में हालात नहीं सुधरे तो लोग कड़े कदम उठाने को मजबूर होंगे। इस दौरान बच्चों और महिलाओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अगुवाई करते हुए अखिल भारतीय किसान कांग्रेस के राष्ट्रीय कन्वीनर राजू मान ने कहा कि सत्ताधारी सत्ता के नशे में मस्त हैं और जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि बिजली की अनियमित सप्लाई ने लोगों की दिनचर्या बिगाड़ दी है। साथ में बच्चों की पढ़ाई भी पूरी तरह से प्रभावित है।
मान ने कहा कि ऐसे हालात में बार बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है। यहाँ तक की लगातार बिजली कटों की शिकायत करने पर संबंधित अधिकारी अपना फोन तक उठाने की जहमत नहीं उठाते या अपना फोन बंद कर लेते हैं
प्रदर्शन में भाग ले रही महिलाओं सुमित्रा, अनिता, संजू आदि ने कहा कि बिजली की ऐसी किल्लत उन्होंने कभी नहीं देखी। उन्होंने कहा कि बिजली ना आने से बच्चों की नींद पूरी नहीं हो रही और बीमार बुजुर्गों की परेशानी बढ़ गई है। इस दौरान महेंद्र पहल, धर्मबीर सिंह, अजीत सांगवान, नरेश बुरा, रविन्द्र वशिष्ठ, सतीश, बलवान सिंह, जितेन्द्र सिंह, देवा सिंह, रणसिंह, कृष्णा देवी, बिमला देवी, रामरति, सुदेश, शकुंतला, सीमा देवी, आशा देवी, दयावंती, सुनीता, सरोज वत्स, प्रतिभा, प्रमिला समेत अन्य कॉलोनी वासी मौजूद रहे।

Girish Saini 

