जनता लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा जनादेश देने का बना चुकी मन : विक्रम कादियान

जनता लोकसभा चुनाव में भाजपा को बड़ा जनादेश देने का बना चुकी मन : विक्रम कादियान

झज्जर, गिरीश सैनी। केंद्र में प्रधानमंत्री मोदी और प्रदेश में मुख्यमंत्री मनोहर लाल समाज के सभी वर्गो के हितों को ध्यान में रखते हुए कार्य कर रहे है। आमजन को घर बैठे ही सभी लाभकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। प्रधानमंत्री मोदी  द्वारा रेवाड़ी में एम्स की आधारशिला रखकर न केवल रेवाड़ी बल्कि आसपास क्षेत्र के लोगों को बड़ी सौगात दी है। हरियाणा शिक्षा, खेलों के साथ-साथ अब स्वास्थ्य सेवाओं का भी हब बनने जा रहा है। पहले लोगों को उपचार के लिए दिल्ली, पीजीआई रोहतक जाना पड़ता था, समय और धन की बर्बादी होती थी। लेकिन अब लोगों को अपने घर के पास ही तमाम आधुनिक एवं उच्चस्तरीय सुविधाएं प्राप्त होगी। इसके अलावा प्रत्येक जिले में मेडिकल कॉलेज भी बनाएं जाएंगे। जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में और अधिक विस्तार होगा। यह बात जिला भाजपा के पूर्व अध्यक्ष विक्रम कादियान ने अपने निवास पर कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए कही। 
उन्होंने कहा कि विकसित भारत संकल्प यात्रा द्वारा जिस तरह से लोगों के पास जाकर उनकी समस्याओं का समाधान किया गया है, उससे प्रदेश की जनता बहुत खुश है। लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है कि प्रशासन ने स्वयं उनके घर द्वार पर आकर उनकी समस्याएं सुनी और उनका समाधान किया है। इस कारण आगामी लोकसभा चुनाव में जनता भाजपा को बड़ा जनादेश देने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि लोग लगातार तीसरी बार केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने जा रहे है। पीएम मोदी की गारंटी पर लोगों का विश्वास बढ़ा है। विक्रम कादियान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत नए आयाम स्थापित कर रहा है।