कारगिल विजय दिवस पर बीएमयू के विधि संकाय में देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। बाबा मस्तनाथ विवि, अस्थल बिहार के विधि संकाय में कारगिल विजय दिवस के अवसर पर देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुलपति प्रो. बी. एम. यादव के मार्गदर्शन में सांस्कृतिक क्लब द्वारा आईक्यूएसी के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति की भावना जागृत करना तथा कारगिल युद्ध के वीर शहीदों के अद्वितीय साहस और बलिदान से परिचित कराना था।
कार्यक्रम की शुरुआत में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इस दौरान कारगिल युद्ध पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के तहत विद्यार्थियों ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं के माध्यम से कारगिल शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
डॉ. नेहा ने कहा कि तिरंगे की आन, बान और शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सैनिक सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और हिंदुस्तान ज़िंदाबाद के नारों से पूरा सभागार गूंज उठा।
विधि संकाय के डीन डॉ. मनीष दलाल और विभागाध्यक्षा डॉ. रितु ने कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका त्याग और बलिदान सदैव युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। अंत में डॉ. परमिला ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
Girish Saini 

