सुपवा में एफटीवी 2019 बैच की डिग्री का रास्ता हुआ साफ
18 सितंबर से शुरू होगा 94 दिन का फिल्म शूट, बनेंगी 9 शॉर्ट फिल्में।
रोहतक, गिरीश सैनी। दादा लख्मी चंद राज्य प्रदर्शन एवं दृश्य कला विवि (डीएलसी सुपवा) के फिल्म एवं टेलीविजन (एफटीवी) फैकल्टी के 2019 बैच के छात्रों की डिग्री पूरी होने का रास्ता साफ हो गया है। लंबित डिग्री फिल्म प्रोजेक्ट के शूट का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। पहली डिग्री फिल्म की शूटिंग 18 सितंबर से शुरू होगी। इसके बाद लगातार 94 दिनों तक नौ शॉर्ट फिल्मों की शूटिंग कराई जाएगी।
एफटीवी के एफसी महेश टीपी ने बताया कि कुलपति डॉ. अमित आर्य ने लंबित बैचों का बैकलॉग जल्द खत्म करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नियमित बैचों की टाइमलाइन प्रभावित न हो, यह भी सुनिश्चित करने को कहा है। इसी दिशा में 2019 बैच की डिग्री फिल्मों के शूट की तैयारी पूरी कर ली गई है।
शूट पूरा होने के बाद फिल्मों का पोस्ट प्रोडक्शन किया जाएगा। इसके बाद ज्यूरी आयोजित होगी और छात्रों के सफल होने पर उनकी डिग्री पूरी हो जाएगी। नौ फिल्मों के लिए अलग-अलग यूनिट मैनेजर नियुक्त किए गए हैं। कैमरा, लाइट, जनरेटर समेत जरूरी तकनीकी संसाधनों की व्यवस्था विश्वविद्यालय स्तर पर की गई है। शूटिंग में किसी तरह की रुकावट न आए, इसके लिए लाइट बॉय, मेकअप, स्पॉट बॉय और कारपेंटर आदि की व्यवस्था भी की गई है।
उन्होंने बताया कि निर्देशन, सिनेमेटोग्राफी, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी के छात्रों की अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें अपनी-अपनी फिल्मों में निर्देशन, कैमरा, एडिटिंग और ऑडियोग्राफी की जिम्मेदारी संभालेंगी। 11 सितंबर से 2022 बैच के म्यूजिक वीडियो शूट भी शुरू हो चुके हैं। दोनों बैचों के प्रोजेक्ट समानांतर चलेंगे। 2018 बैच की डिग्री मार्च में पूरी हो चुकी है, जबकि अन्य लंबित बैचों का बैकलॉग खत्म करने की प्रक्रिया भी तेज की जा रही है।

Girish Saini 

