अहंकार पतन का कारण, संकट में परिवार का साथ जरूरी: आचार्य सोमदेव
रोहतक, गिरीश सैनी। आर्य नगर स्थित वैदिक भक्ति साधन आश्रम में कार्तिक पूर्णिमा के उपलक्ष्य में आयोजित अथर्ववेद पारायण यज्ञ में राजस्थान से पहुंचे मुख्य वक्ता आचार्य सोमदेव ने मन की पवित्रता, पारिवारिक एकता और आपसी निष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि मन की मलिनता हानिकारक है और अहंकार व्यक्ति के पतन का कारण बनता है। संकट के समय भाई को भाई का साथ देना चाहिए तथा परिवार में संगठन और पति-पत्नी के बीच परस्पर निष्ठा जरूरी है।
इससे पूर्व कन्या गुरुकुल रुड़की की ब्रह्मचारिणियों ने अथर्ववेद मंत्रों का सस्वर पाठ किया। यज्ञ ब्रह्मा आचार्य शक्तिदेव ने यज्ञ को ब्रह्मांड का केंद्र बताया। सुमन भाटिया ने भजन प्रस्तुत किया। मंच संचालक जितेंद्र मेहता ने बताया कि 23 नवंबर को भजन संध्या और 24 नवंबर को पूर्णाहुति होगी।

Girish Saini

