आंगन मिलन में बच्चों संग अभिभावकों को मिला पोषण का पाठ

आंगन मिलन में बच्चों संग अभिभावकों को मिला पोषण का पाठ

रोहतक, गिरीश सैनी। सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शुगर मिल कॉलोनी स्थित आंगनवाड़ी कम प्ले स्कूल में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य बच्चों और अभिभावकों को पोषण, स्वास्थ्य, स्वच्छता, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा से जुड़ी सेवाओं के प्रति जागरूक करना रहा।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं ने बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं रचनात्मक गतिविधियां कराई। बच्चों ने उत्साहपूर्वक गतिविधियों में हिस्सा लिया। अभिभावकों और स्थानीय महिलाओं को बच्चों के संतुलित पोषण, नियमित स्वास्थ्य देखभाल, स्वच्छता तथा प्रारंभिक शिक्षा के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के विकास में अभिभावकों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।

विभागीय अधिकारियों ने कहा कि आंगन मिलन सेवा जैसे कार्यक्रम आंगनवाड़ी केंद्रों को बच्चों, अभिभावकों और समुदाय के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम बना रहे हैं। इन गतिविधियों के जरिए पात्र लाभार्थियों तक विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इस दौरान सुपरवाइजर सीमा और पीएचसी से डॉ. नम्रता भी मौजूद रही।