पुराने कमर्शियल वाहनों के मालिकों को परिवर्तन योजना की जानकारी दी
रोहतक, गिरीश सैनी। आरटीए, रोहतक द्वारा मंगलवार को अमूल प्लांट में परिवर्तन योजना के तहत जागरूकता मेले का आयोजन किया गया। इसका उद्देश्य पात्र पुराने कमर्शियल वाहनों के मालिकों को योजना की प्रक्रिया और लाभों की जानकारी देना था।
आरटीए सचिव वीरेंद्र सिंह ढुल ने वाहन मालिकों को योजना की पात्रता, पंजीकरण प्रक्रिया और लाभ प्राप्त करने के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने पात्र वाहन मालिकों से परिवर्तन पोर्टल पर अपने वाहनों का पंजीकरण करवाकर योजना का लाभ उठाने की अपील की।
उन्होंने निर्धारित आयु सीमा पूरी कर चुके पेट्रोल और डीजल वाहनों के संबंध में सरकारी निर्देशों का पालन करने तथा नियमानुसार स्क्रैपिंग या एनओसी की प्रक्रिया अपनाने को कहा। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम पुराने वाहनों के उचित निस्तारण, पर्यावरण संरक्षण और सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देते हैं।

Girish Saini

