रोहतक में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था सुधारने पर 200 करोड़ से अधिक होंगे खर्चः डीसी सतबीर सिंह
15 करोड़ से बिछेगी नई पेयजल लाइन, आठ गांवों में 210 करोड़ से बनेंगे जलघर
रोहतक, गिरीश सैनी। उपायुक्त सतबीर सिंह ने कहा कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था और जल निकासी से जुड़े कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
लघु सचिवालय में जन सुविधाओं और विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी तालमेल से कार्य करने और निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि जेएलएन नहर से सोनीपत स्टैंड स्थित जलघर तक करीब 15 करोड़ रुपये की लागत से पेयजल पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इसके तहत अतिरिक्त टैंक भी बनाया जाएगा। पुराने शहर में सात करोड़ रुपये से क्षतिग्रस्त पेयजल पाइप लाइन बदली जा रही हैं। वहीं, नगर निगम के आठ गांवों में 210 करोड़ रुपये की परियोजना के तहत जलघर और पाइपलाइन विकसित की जाएंगी।
उन्होंने सीवरेज लाइनों के सुधार, बरसाती पानी की निकासी और सुनारिया एसटीपी की क्षमता 40 से बढ़ाकर 60 एमएलडी करने के कार्यों की भी समीक्षा की।
निगमायुक्त सत्येंद्र दुहन ने सड़कों के गड्ढे भरने, स्मार्ट रोड परियोजना और नियमित कूड़ा उठान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम आशीष कुमार, नगर निगम की संयुक्त आयुक्त नमिता सिंह, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Girish Saini

