महिला दिवस पर हरियाणा की उत्कृष्ट महिलाओं को मिलेगा सम्मान, 5 लाख तक का पुरस्कारः डीसी सतबीर सिंह
ऑनलाइन आवेदन 5 दिसंबर, नौ श्रेणियों में दिए जाएंगे राज्य स्तरीय पुरस्कार
रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा सरकार की ओर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च 2027 को राज्य स्तरीय महिला पुरस्कारों से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए पात्र महिलाओं से 5 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
उपायुक्त सतबीर सिंह ने बताया कि इच्छुक महिलाएं अपने बायोडाटा और उपलब्धियों के विस्तृत विवरण के साथ महिला एवं बाल विकास विभाग के पोर्टल https://onlinemis.wcdhry.gov.in/gauravij पर आवेदन कर सकती हैं। पुरस्कारों में सुषमा स्वराज पुरस्कार के तहत 5 लाख रुपये, इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के तहत 1.50 लाख और कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के तहत एक लाख रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा पंचायती राज, लाइफ टाइम अचीवमेंट, सरकारी कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और महिला उद्यमी श्रेणियों में भी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि आवेदकों के पास परिवार पहचान पत्र होना अनिवार्य है। आवेदन के साथ निर्धारित शपथ-पत्र भी जमा करवाना होगा। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन रहेगी और ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। विस्तृत जानकारी के लिए जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला विकास भवन स्थित कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

Girish Saini

