आईएचएम, रोहतक में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
रोहतक, गिरीश सैनी। स्थानीय तिलयार स्थित होटल प्रबंधन संस्थान (आईएचएम) में नव प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए चार दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
आईएचएम के व्याख्याता विकास देशवाल ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान, हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री और उनके भविष्य के करियर के बारे में जानकारी प्रदान करना था।
कार्यक्रम के पहले दिन प्राचार्य शंभू नाथ गौतम ने सभी नए विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें आईएचएम, रोहतक व हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के बारे में जानकारी दी गई। सभी फैकल्टी सदस्यों ने भी विद्यार्थियों से परिचय किया और संस्थान की पढ़ाई एवं संबंध गतिविधियों के बारे में बताया।
दूसरे दिन विद्यार्थियों को तिलियार झील, रोहतक का भ्रमण कराया गया और पर्यटन व हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री के बारे में बताया गया। तीसरे दिन विद्यार्थियों ने एक निजी होटल का भ्रमण कर होटल के विभिन्न विभागों और वहां की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। इससे उन्हें होटल इंडस्ट्री के वास्तविक कामकाज को समझने का अवसर मिला।
अंतिम दिन आयोजित विशेष व्याख्यानों में बतौर अतिथि वक्ता, उद्यमी अमित सिंघल ने स्टार्टअप और स्वरोजगार शुरू करने के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। अन्य वक्ता, एक होटल के महाप्रबंधक कृष्ण चौहान ने हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री और करियर के अवसरों के बारे में विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इस चार दिवसीय कार्यक्रम द्वारा विद्यार्थियों को संस्थान, होटल इंडस्ट्री और करियर संभावनाओं के बारे में बेहतर जानकारी हासिल हुई।
विकास देशवाल ने बताया कि आईएचएम में उपलब्ध विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश की प्रक्रिया अभी भी जारी है। दाखिले के इच्छुक विद्यार्थी 12 अगस्त तक आवेदन कर सकते हैं।
Girish Saini 

