अंगदान-महादान, एक जीवन करता है कई जिंदगियों को रोशनः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

अंगदान जागरूकता मुहिम के लिए एचयूडब्ल्यूजे ने किया वीसी को सम्मानित।

अंगदान-महादान, एक जीवन करता है कई जिंदगियों को रोशनः कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। हरियाणा यूनियन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (एचयूडब्ल्यूजे) द्वारा पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि, रोहतक के कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल को प्रदेश में अंगदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसे सामाजिक आंदोलन बनाने में उनके ऐतिहासिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

कुलपति कार्यालय के सभागार में आयोजित एक समारोह में एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया सहित अन्य पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों द्वारा कुलपति डॉ. अग्रवाल को स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने उपस्थित जन को संबोधित करते हुए कहा कि अंगदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं। उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति का फैसला आठ से दस लोगों को नया जीवन दे सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अपने मन की बात कार्यक्रम में किए गए अंगदान के आह्वान के बाद देश में इसके प्रति एक नई चेतना जागी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव के मार्गदर्शन व सहयोग से सोटो हरियाणा की पूरी टीम इस नेक कार्य को जन-आंदोलन बनाने के लिए जुटी है।

कुलपति डॉ. अग्रवाल ने आमजन से भावुक अपील करते हुए कहा कि अंगदान करके हम मृत्यु उपरांत भी किसी के जीवन में उजाला कर सकते हैं। इस दुनिया से चले जाने के बाद भी किसी के दिल की धड़कन बनकर, किसी की आंखों की रोशनी बनकर इंसान इस दुनिया में जिंदा रहता है। उन्होंने कहा कि मौत को भी जीवन में बदलने का नाम ही अंगदान है। उन्होंने प्रदेश वासियों का आह्वान किया अपने परिवार में अंगदान की चर्चा करें और शपथ लें। इस दौरान भविष्य की योजनाओं पर चर्चा करते हुए कुलपति डॉ. अग्रवाल ने कहा कि अंगदान को बढ़ावा देने के लिए रक्तदान के साथ-साथ अंगदान जागरूकता शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, ग्रामीण क्षेत्र में भी बडे स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

कुलसचिव डॉ. रूप सिंह ने कहा कि कुलपति डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में विवि ने पिछले एक साल में अंगदान के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव किए हैं। कुलपति के निर्देश पर ट्रॉमा सेंटर में ब्रेन डेड अंगदाता के परिवार को पूरे सम्मान के साथ विदाई देने की परंपरा शुरू की गई है। पार्थिव शरीर को पुष्प अर्पित कर सम्मान दिया जाता है।

एचयूडब्ल्यूजे प्रदेश अध्यक्ष मनमोहन कथूरिया ने कहा कि कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल की प्रेरणा व दूरदर्शी नेतृत्व के चलते ही आज पीजीआईएमएस में एक ही माह में 3 बार अंगदान का रिकॉर्ड बन रहा है। इतना ही नहीं, ऑर्गन एयरलिफ्ट करके लोगों की जान बचाई जा रही है। उन्होंने कहा कि एक डॉक्टर का काम सिर्फ इलाज करना नहीं, बल्कि समाज को दिशा देना भी है। प्रदेशाध्यक्ष कथूरिया ने कहा कि कुलपति डॉ. अग्रवाल ने प्रदेश सरकार के सहयोग से अंगदान को सेवाभाव से जोड़कर एक सामाजिक आंदोलन बना दिया है।

एचयूडब्ल्यूजे के प्रदेश कोषाध्यक्ष लोकेश जैन ने कहा कि कुलपति डॉ. अग्रवाल के नेतृत्व में सोटो हरियाणा के नोडल अधिकारी डॉ. सुखबीर ने अपनी टीम के साथ मिलकर स्कूल, कॉलेज, पंचायत स्तर तक अंगदान के प्रति जागरूकता फैलाई है। इस दौरान एचयूडब्ल्यूजे के जिलाध्यक्ष मनोज वर्मा, वरिष्ठ पत्रकार गिरीश सैनी, संजीव कौशिक, अनिल चहल, सौरभ शर्मा, पायल आहूजा, गौरव, जगदीप सहित अन्य गणमान्य जन मौजूद रहे।