प्रवासी मजदूरों के लिए मुख स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

प्रवासी मजदूरों के लिए मुख स्वास्थ्य जागरूकता शिविर आयोजित

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व मौखिक स्वास्थ्य दिवस की थीम हैप्पी माउथ इज ए हैप्पी लाइफ (से हैप्पी माउथ, से हैप्पी लाइफ) के अनुरूप सिविल सर्जन डॉ. रमेश चंद्र के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग, हरियाणा द्वारा चलाए जा रहे एक माह के मुख स्वास्थ्य जागरूकता अभियान के तहत सेक्टर-1 के समीप झुग्गी-झोपडिय़ों में रह रहे प्रवासी मजदूर परिवारों के लिए विशेष दंत जागरूकता एवं स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया।

स्थानीय सेक्टर 3 स्थित पोलीक्लीनिक की दंत चिकित्सक डॉ. पूर्णिमा ने शिविर में मजदूर परिवारों के सदस्यों के दांतों की नि:शुल्क जांच की तथा लाइव डेमो के माध्यम से सही ब्रश करने की विधि सिखाई। बच्चों को ब्रशिंग किट और स्टेशनरी सामग्री भी वितरित की गई। उन्होंने धूम्रपान और गुटखा के सेवन से होने वाले मुख कैंसर के खतरे के बारे में जागरूक करते हुए सभी को इनका सेवन तुरंत छोड़ने तथा नियमित मौखिक स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर दंत शिविर आयोजित कर आमजन को मौखिक स्वास्थ्य की महत्ता, सही ब्रशिंग तकनीक, तंबाकू उत्पादों के हानिकारक प्रभाव तथा नियमित दंत जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया जाएगा।