30 अगस्त तक मौकाः मतदाता सूची में नाम जुड़वाएं, कटवाएं या सुधारें - डीसी सतबीर सिंह
रोहतक, गिरीश सैनी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे एसआईआर-2026 (विशेष गहन पुनरीक्षण) अभियान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त सतबीर सिंह ने पात्र नागरिकों से मतदाता सूची की जांच कर आवश्यक सुधार कराने और अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
उपायुक्त ने बताया कि 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवा, जिनका नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, नया नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भर सकते हैं। किसी मतदाता का नाम मृत्यु, स्थानांतरण या अन्य कारण से हटाना हो तो फॉर्म-7 और नाम, आयु, पता, फोटो अथवा अन्य विवरण में संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरना होगा।
उन्होंने बताया कि आवेदन आवश्यक दस्तावेजों और घोषणा-पत्र के साथ ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अथवा संबंधित ईआरओ/एईआरओ कार्यालय में जमा करवाए जा सकते हैं। आवेदन जमा कराने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है।
विशेष अभियान के तहत 22-23 अगस्त और 29-30 अगस्त को विशेष अभियान दिवस आयोजित होंगे। शनिवार और रविवार को भी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे, ताकि नागरिक मौके पर ही मतदाता सूची से संबंधित प्रक्रिया पूरी कर सकें।
डीसी सतबीर सिंह ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों के नाम मतदाता सूची में दर्ज होने की पुष्टि करने और जरूरत पड़ने पर निर्धारित समय सीमा में आवेदन करने की अपील की।

Girish Saini 

