मतदाता सूची जांचने का मौका, 22, 23, 29 व 30 अगस्त को विशेष अभियानः एडीसी
रोहतक, गिरीश सैनी। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण-2026 के तहत जिले के सभी मतदान केंद्रों पर 22, 23, 29 और 30 अगस्त को विशेष अभियान चलाया जाएगा। अतिरिक्त उपायुक्त नरेंद्र कुमार ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा के निर्देशानुसार अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना तथा दावे-आपत्तियां प्राप्त करना है।
उन्होंने बताया कि चारों दिन सुबह 9 से शाम 5 बजे तक संबंधित मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी मौजूद रहेंगे। पात्र नागरिक इस दौरान मतदाता सूची में अपना नाम जांच सकेंगे। नाम दर्ज नहीं होने अथवा सूची में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर संबंधित मतदान केंद्र पर आवश्यक दावा या आपत्ति प्रस्तुत की जा सकेगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि अभियान के दौरान मतदान केंद्र वाले सरकारी व गैर-सरकारी स्कूलों और कार्यालयों को खुले रखने तथा जिम्मेदार कर्मचारी या चौकीदार की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को मतदान केंद्रों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को पुनरीक्षण प्रक्रिया में परेशानी न हो।

Girish Saini 

