14 क्षेत्रों में नवाचार का मौका, एमडीयू में सेवा फर्स्ट पर जागरूकता सत्र

14 क्षेत्रों में नवाचार का मौका, एमडीयू में सेवा फर्स्ट पर जागरूकता सत्र

रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड एंटरप्रेन्योरशिप (सीआईआईई) द्वारा मंगलवार को माइक्रोबायोलॉजी विभाग में सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज पर जागरूकता एवं संवाद सत्र आयोजित किया गया। हरियाणा सरकार के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की इस पहल के तहत विद्यार्थियों, शोधार्थियों और नवोद्यमियों को सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए नवाचारी विचार प्रस्तुत करने का अवसर दिया जा रहा है।

सीआईआईई निदेशक प्रो. अजित कुमार ने प्रस्तुति के माध्यम से चुनौती के उद्देश्य, भागीदारी प्रक्रिया और विभिन्न चरणों की जानकारी दी। प्रो. पूजा सुनेजा और प्रो. अमिता सुनेजा डंग ने नवाचार व उद्यमिता के महत्व पर प्रकाश डाला। प्रतिभागियों को बताया गया कि स्वास्थ्य, कृषि और डिजिटल परिवर्तन समेत 14 क्षेत्रों में विचार प्रस्तुत किए जा सकते हैं। मूल्यांकन मौलिकता, व्यावहारिकता और संभावित प्रभाव के आधार पर होगा। सत्र में बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शोधार्थी शामिल हुए।