होटल एवं पर्यटन प्रबंधन में करियर मार्गदर्शन के लिए आईएचटीएम में ओपन डे सत्र 14 व 15 मई को
एमडीयू के होटल एवं पर्यटन प्रबंधन संस्थान (आईएचटीएम) द्वारा होटल, आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं परिचर्चा सत्र ओपन डे का आयोजन 14 और 15 मई को प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक आईएचटीएम भवन में होगा।
रोहतक, गिरीश सैनी। एमडीयू के होटल एवं पर्यटन प्रबंधन संस्थान (आईएचटीएम) द्वारा होटल, आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए विशेष मार्गदर्शन एवं परिचर्चा सत्र ओपन डे का आयोजन 14 और 15 मई को प्रातः 10 से दोपहर 1 बजे तक आईएचटीएम भवन में होगा।
आईएचटीएम निदेशक प्रो. संदीप मलिक ने बताया कि इन सत्रों का उद्देश्य 12वीं के बाद विद्यार्थियों को होटल एवं पर्यटन उद्योग में उपलब्ध रोजगार, प्रशिक्षण और विदेशों तक पहुंच बनाने वाले अवसरों की जानकारी देना है। उन्होंने कहा कि बदलते समय में आतिथ्य एवं पर्यटन क्षेत्र युवाओं के लिए तेजी से उभरता हुआ ऐसा क्षेत्र बन चुका है, जहां रोजगार के साथ-साथ व्यक्तित्व विकास और वैश्विक स्तर पर कार्य करने के अवसर भी मिलते हैं।
उन्होंने बताया कि इस दौरान संस्थान के प्राध्यापक विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को विभिन्न पाठ्यक्रमों, प्रवेश प्रक्रिया, रोजगार संभावनाओं तथा उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कौशल विकास के बारे में विस्तार से जानकारी देंगे। विद्यार्थियों की सुविधा के लिए विशेष सहायता केंद्र भी स्थापित किया जाएगा, जहां प्रवेश आवेदन पत्र भरने में सहयोग प्रदान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा गुरुग्राम स्थित आईटीसी क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब के सहयोग से आतिथ्य एवं सेवा प्रबंधन में बीबीए का विशेष प्रशिक्षुता आधारित डिग्री कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें विद्यार्थियों को अध्ययन के साथ प्रशिक्षण तथा प्रतिमाह 10 हजार रुपए तक की सुनिश्चित छात्रवृत्ति भी प्रदान की जाएगी।
आईएचटीएम में चार वर्षीय बैचलर ऑफ़ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी, पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड मास्टर्स ऑफ़ होटल मैनेजमेंट एंड कैटरिंग टेक्नोलॉजी तथा चार वर्षीय एनईपी आधारित बैचलर ऑफ़ टूरिज्म एंड ट्रेवल मैनेजमेंट पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। 12वीं उत्तीर्ण किसी भी संकाय के विद्यार्थी इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।

Girish Saini 

