स्वस्थ नागरिक ही बनाएंगे विकसित भारतः  कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

क्विज़ में प्रीति व रिया की टीम अव्वल।

स्वस्थ नागरिक ही बनाएंगे विकसित भारतः  कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल

रोहतक, गिरीश सैनी। विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर पं. भगवत दयाल शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विवि में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा चौ. रणबीर सिंह ओपीडी में एक पोस्टर प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने बतौर मुख्य अतिथि पोस्टर प्रदर्शनी का शुभारंभ किया।

कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत का निर्माण कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमें गलत धारणाओं को हटाकर बीमारी के इलाज के बारे में जागरूकता फैलानी होगी। कुलपति ने कहा कि बीमारी को रोकने के लिए प्रिवेंशन का रोल अहम है और इसमें कम्युनिटी मेडिसिन का महत्वपूर्ण योगदान है।

निदेशक डॉ एस.के. सिंघल ने विश्व स्वास्थ्य दिवस की बधाई देते हुए कहा कि हमें अपने आसपास का वातावरण स्वच्छ रखना होगा। डीन छात्र कल्याण डॉ सविता सिंघल ने कहा कि हमें अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाना होगा और शारीरिक के साथ सोशल हेल्थ को भी साथ लेकर चलना होगा।

कम्युनिटी मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ नीलम कुमार ने कहा कि साइंस को साथ लेकर किसी भी समस्या से निपटा जा सकता है। डॉ रमेश वर्मा ने कहा कि डॉग बाइट पर हल्दी-मिर्च लगाने की गलत धारणा को दूर करना होगा। अच्छे चिकित्सक से मिलकर अपना इलाज करवाना चाहिए। डॉ मीनाक्षी ने कहा कि यूट्यूब व चैट जीपीटी के चक्कर में न पड़कर चिकित्सक की सलाह से ही  इलाज करवाना चाहिए।

डॉ वरुण अरोड़ा ने मंच संचालन किया। उन्होंने बताया कि यूजी व पीजी छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए जागरूकता का संदेश देने वाले पोस्टर बनाए। विजेताओं को कुलपति डॉ. एच.के. अग्रवाल ने पुरस्कृत किया। एमबीबीएस और एमडी छात्रों ने क्विज़, रील्स और पोस्टर प्रतियोगिता मे भाग लिया। आईसीएमआर की वैज्ञानिक डॉ. कविता ने अतिथि व्याख्यान दिया। रील प्रतियोगिता में डॉ. अर्जुन ने प्रथम व डॉ. अंजली गुप्ता ने दूसरा, पोस्टर प्रस्तुति में पीजी श्रेणी में डॉ. अंचल ठाकुर ने तथा यूजी श्रेणी में राखी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। क्विज़ में प्रीति व रिया की टीम प्रथम, रचिता व प्रियांशु की टीम दूसरे स्थान पर रही।