शिक्षित व्यक्ति ही शिक्षित समाज का निर्माण कर सकता हैः सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान
स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं के लिए निकाला जागरूकता मार्च।
रोहतक, गिरीश सैनी। जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजय तेवतिया के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान द्वारा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, लाढ़ौत में स्कूल छोड़ चुकी बालिकाओं को पुन: शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से एक जागरूकता कार्यक्रम एवं मार्च का आयोजन किया गया। इस दौरान बालिकाओं की शिक्षा के महत्व को लेकर उपस्थित जन एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
सीजेएम डॉ. तरन्नुम खान ने कहा कि महिलाएं देश को उज्जवल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं, इसलिए उनकी शिक्षा के प्रति समाज के प्रत्येक वर्ग को जागरूक होना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपनी बेटियों को शिक्षा के लिए प्रेरित करें तथा उनका विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करें, क्योंकि शिक्षित व्यक्ति ही शिक्षित समाज का निर्माण कर सकता है। उन्होंने कहा कि यदि गांव और समुदाय मिलकर प्रयास करें, तो कोई भी बालिका शिक्षा से वंचित नहीं रह सकती। इस दौरान आमजन को बताया गया कि 14 मार्च 2026 को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन रोहतक न्यायालय परिसर में किया जा रहा है, जिसमें अपने लंबित मामलों को रखकर शीघ्र एवं सुलभ न्याय प्राप्त किया जा सकता है।

Girish Saini 

